जिले के 15 ताईक्वांडो खिलाड़ी शालेय क्रीडा प्रतियोगिता वर्ष 2... - CG Sandesh

जिले के 15 ताईक्वांडो खिलाड़ी शालेय क्रीडा प्रतियोगिता वर्ष 2021-22 में संभाग स्तरीय में हुए शामिल

09 ताईक्वांडो खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए मारी बाजी

27 से 30 सितम्बर को दुर्ग में आयोजित प्रतियोगिता में सरगुजा संभाग का करेंगे नेतृत्व

जशपुरनगर 23 सितम्बर 2021

कलेक्टर महादेव कावरे के मार्गदर्शन में जशपुर जिले में विगत वर्ष से ताईक्वांडो स्टेडियम में चल रहे ताईक्वांडो खेल प्रशिक्षण से जिले में प्रतिवर्ष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए अपना स्थान राज्य स्तरीय सहित राष्ट्रीय स्तर पर जिले का परचम लहरा रहे है। यहां के बच्चों में ताईक्वांडो खेल के प्रति अधिक उत्साह देखने को मिलता है।

वर्ष 2021-22 में चल रहे शालेय क्रीडा प्रतियोगिता में जिले के 15 खिलाड़ियों ने जिला स्तर पर सफलता प्राप्त करते हुए 19 सितम्बर 2021 को अम्बिकापुर के संभाग स्तरीय ताईक्वांडो खेल प्रतियोगिता में अपना स्थान बनाया। जहां संभाग के 5 जिले सुरजपुर, बलरामपुर, कोरिया, अम्बिकापुर व जशपुर के खिलाड़ी शामिल हुए थे। इस प्रतियोगिता में जशपुर के 15 खिलाड़ियों में 9 खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाते हुए राज्य स्तर पर अपनी जीत दर्ज कराई। 

जिसमें 14 वर्ष बालिका में संत जेवियर्स इंग्लिस मीडियम स्कूल जशपुर की गरिमा राजवाड़े, ईशाप्रिया लकड़ा, 17 वर्ष बालिका में नेहा नागवंशी, 19 वर्ष बालिका में लिलिमा भगत तथा 17 वर्ष बालक में स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम स्कूल के भूपाल सिदार, धनेश्वर मेरावी, जशपुरांचल स्कूल जशपुर के हर्ष नागवंशी, एवं 19 वर्ष बालक में जशपुरांचल स्कूल जशपुर के ओमप्रकाश यादव व बालक उ.मा.वि. जशपुर के महेश्वर राम भगत ने अपने वेट कैटगरी में जीत हासिल करते हुए राज्य स्तर के लिये अपना स्थान बनाया। जो कि 27 से 30 सितंबर 2021 को दुर्ग में आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में संभाग का नेतृत्व करेंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी एस.एन.पण्डा ने सभी चयनित प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उन्हें राज्य स्तर पर बेहतर परिणाम के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शालेय खेल प्रतियोगिता में उनका चयन राज्य स्तर पर हुआ है। यह जिले के लिए उपलब्धि है। सभी बच्चों को राज्य स्तर के लिए तैयारी करने एवं राष्ट्रीय स्तर पर चयन हेतु कड़ी मेहनत करने की बात कही। ताईक्वांडो कोच नंदलाल यादव को भी उक्त खेल के प्रशिक्षण देने हेतु बधाई दिया एवं इसी प्रकार जिले में ताईक्वाडो खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रयास करने की बात कही। साथ ही डीएसओ प्रेम सिंह सिदार, एवं संबंधित स्कूल संस्थान ने भी खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उल्लेखनीय है कि जिले के ताइक्वांडो स्टेडियम में प्रतिदिन लगभग 30 से 40 बच्चे प्रशिक्षण प्राप्त करते है। प्रशिक्षण के उपरांत बच्चे प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर अब तक ज़िले को राष्ट्रीय सहित अंतरास्ट्रीय स्तर पर पदक दिलाए है।


अन्य सम्बंधित खबरें