ग्राम पंचायत के महिला स्व सहायता समूह पर लगा लाखों रुपए गबन करने का आरोप
बलौदाबाजार: बिलाईगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत देवरबोड के एक महिला स्व सहायता समूह पर ग्रामीणों ने मृत व्यक्तियों का राशन निकाल कर लाखों रुपए का गबन करने का आरोप लगाया है और एसडीएम से इसकी शिकायत कर जांच की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि जागृति महिला स्व सहायता समूह के द्वारा 2017-18 और 2019-20 में मृत व्यक्तियों का राशन निकाल कर लाखों रुपए का गबन किया गया था। इसकी जांच तो हुई लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों से मिलीभगत कर शासन के खाते में कुछ रकम जमा कराई किंतु उन पर कोई कार्यवाही नहीं की गई। बल्कि पुनः उन्ही समूह को राशन दुकान संचालन करने की अनुमति दे दिया गया। इससे उक्त समूह का हौसला और बुलंद हो गया। इसके कारण समूह ने 2021 में भी 28 मृत व्यक्तियों का राशन गबन कर रहें है जिस पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
ग्रामीणों ने आगे आरोप लगाया है कि महिला समूह के अध्यक्ष के पति राशन कार्ड बनाने के लिए 2000/- का रिश्वत लिया है जिसकी भी जांच होनी चाहिए।
इधर पूरे मामले में बिलाईगढ़ एसडीएम बजरंग दुबे का कहना है कि ग्राम पंचायत देवरबोड में राशन संबंधित अनियमितता की शिकायत मिला था। जिस पर खाद्य अधिकारी को जाँच हेतु निर्देशित किया गया था, जिसकी रिपोर्ट उन्होंने मुझे प्रस्तुत कर दी है। इसमें कुछ अनियमितता मिली है, जिस सम्बंधित समूह को कारण बताओ नोटिस जारी कर दिया है। जवाब आने पर कार्रवाई की जाएगी।