पिथौरा : धान खरीदी केंद्र बदल जाने से किसान परेशान, नही कटाया टोकन.. विधायक ने खाद्य मंत्री को लिखा पत्र, नया उपार्जन केंद्र खोलने को लेकर की मांग.
हेमन्त वैष्णव. छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा किसानों को धान बेचने में ज्यादा परेशानी न हो इसलिए जगह-जगह नवीन धान उपार्जन केंद्र खोलने की मंजूरी दिया जा रहा है. इसके तहत पिछले वर्ष और इस वर्ष कई नई धान खरीदी केंद्र खोले गए हैं. पहले धान खरीदी केंद्रों की संख्या कम थी, कई गांवों के किसानों को एक ही खरीदी केंद्रों में धान बेचना पड़ता था जिसके कारण धान खरीदी केंद्र में किसानों की संख्या ज्यादा तथा धान रखने के लिए भी पर्याप्त जगह नही उपलब्ध नहीं रहती थी. जिसके कारण कई दिनों तक धान खरीदी बन्द करना पड़ता था. लेकिन इन नए धान खरीदी केन्द्रों के खुलने से कुछ गांव के किसानों की परेशानी कम होने की बजाय बढ़ गयी है.
बसना विधानसभा अंतर्गत बिजेमाल, श्रीरामपुर भजपुरी, टुकड़ा के किसानों ने आज तक टोकन नही कटाया है और ना ही धान बेच रहे है. इन तीनो गांव के किसानों का कहना है की हम लोग भगत देवरी में धान बेच रहे थे लेकिन अचानक बदलाव कर धान खरीदी केंद्र सावित्रिपुर कर दिया गया है. जिससे किसानों को अत्याधिक दूरी तय करना पड़ रहा है. साथ ही पहुँच मार्ग भी बहुत ही खराब है जिसके कारण वाहनों में धान लोड कर सावित्रिपुर जाना मुश्किल हो रहा है. इससे डीजल और समय दोनों किसानों का व्यर्थ हो रहा है.
इन गांवों के किसानों का कहना है कि किसानों का सुनने वाला कोई नही आज 5 दिन हो गए धरने पर बैठे कोई सुनने वाला नही है, किसानों का कहना है कि गांव में और क्लेक्टर ऑफिस में भी धरने पर बैठे थे लेकिन कोई हल नही निकला. जिसके बाद हताश होकर लगभग 100 किसानों ने आज वाहनो से बसना विधायक देवेन्द्र बहादुर सिंह निवास स्थान पहुँचे और बसना विधायक से 3 गांव के किसानों को धान बिक्री हेतु सुविधा हो इसलिए धान खरीदी केंद्र को भगतदेवरी में ही रहने की मांग किए.
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए बसना विधायक ने तत्काल खाद्य मंत्री अमरजीत भगत को पत्र लिखकर उन्हें किसानों की समस्या से अवगत करवाया है, साथ ही ग्राम बिजेमाल में नया धान उपार्जन केंद्र खोलने की मांग की है.