किसानों से धान तौलते समय सुखती-झुकती के नाम पर अधिक मात्रा म... - CG Sandesh

किसानों से धान तौलते समय सुखती-झुकती के नाम पर अधिक मात्रा में धान की तौलाई अनुचित-कलेक्टर

धान खरीदी से संबंधित समस्या एवं शिकायतों को दर्ज कराने कंट्रोल रूम स्थापित

धान विक्रय के लिए आने वाले किसानों का होगा वैक्सीनेशन

खरीफ विपणन वर्ष 2021-22 के तहत् जिले के 10 धान खरीदी केन्द्रों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान की खरीदी की जा रही है। इन केन्द्रों में आने वाले किसानों से धान तौलते समय सुखती-झुकती के नाम पर अधिक मात्रा में धान की तौलाई की जाती है, जो कि अनुचित है। इस संबंध में किसानों की शिकायत प्राप्त होने पर जांच की जायेगी, अगर शिकायत सहीं पायी जाती है तो संबंधित धान उपार्जन केन्द्र प्रभारी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। उक्त बातें कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू ने आज जिले में की जा रही धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कही। उन्होंने कहा कि इसके लिए जिले के सभी धान खरीदी केन्द्रों में शिकायत एवं सुझाव पेटी अनिवार्य रूप से रखी जाये। इन पेटियों में धान विक्रय से संबंधित एवं अन्य व्यवस्थाओं के बारे में किसान अपनी शिकायत एवं समस्याओं से अवगत करा सकते हैं। साथ ही इन पेटियों के समीप पेन एवं कागज की भी व्यवस्था की जाये।

धान खरीदी से संबंधित समस्या एवं शिकायतों को दर्ज कराने कंट्रोल रूम स्थापित:-

कलेक्टर धर्मेश कुमार साहू ने कहा कि जिले के किसानों को धान विक्रय से संबंधित शिकायतों एवं अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए जिला कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नंबर 07781-252214 है। किसान कंट्रोल रूम में फोन लगाकर अपनी समस्या-शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कंट्रोल रूम में प्रभारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी गयी है।

धान विक्रय के लिए आने वाले किसानों का होगा वैक्सीनेशन:-

कलेक्टर साहू ने कहा कि कोविड-19 के रोकथाम एवं नियंत्रण हेतु जिले में वैक्सीनेशन किया जा रहा है। इसके लिए अलग-अलग टीमें गठित की गयी है। ये टीमें जिले के सभी धान उपार्जन केन्द्रों में उपस्थित होकर धान विक्रय के लिए आने वाले किसानों का वैक्सीनेशन कर रही है। उन्होंने कहा कि इन केन्द्रों में धान विक्रय के लिए टोकन कटाने के लिए आने वाले किसानों का वैक्सीनेशन कार्ड देखना सुनिश्चित करें। किसानों जब धान विक्रय करने हेतु निर्धारित पर आये तो धान खरीदी केन्द्र में ही वैक्सीनेशन करना सुनिश्चित करें।


अन्य सम्बंधित खबरें