बस्तर फाईटर में नौकरी लगाने के नाम पर बुलाया कलेक्टर परिसर, फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर ले ली रकम.
कोंडागांव थाना अंतर्गत एक व्यक्ति से बस्तर फाईटर में नौकरी लगाने के नाम पर ठगी करने का मामला सामने आया है, जिसमे आरोपी ने पीड़ित को कलेक्टर कार्यालय परिसर में बुलाया और वहां एक नियुक्ति पत्र दिखाकर उसे 1 लाख 50 हजार रुपये के रकम की मांग की.
पीड़ित दुपेन्द्र बैध ने पुलिस को बताया कि वह जोंधरापदर में ITI हास्टल में रहकर के ITI का कोर्स कर रहा है, और कोण्डागांव पुलिस में निकली बस्तर फाईटर के पद के लिये फार्म भरा है.
इसी बीच 26 दिसंबर को उसे सचिन कुमार रामटेके नामक व्यक्ति ने उसे फोन कर कहा कि तुमने बस्तर फाईटर में नौकरी के लिये फार्म भरा है, और मै तुम्हारी बस्टर फाईटर के पद पर नौकरी लगा दूंगा. जिसके लिए 1,50,000 रू0 देने होगा.
इस पर पीड़ित दुपेन्द्र बैध ने कहा कि मेरे पास इतना रूपया नही है, तब रामटेके में पीड़ित से कहा कि अभी जितना भी पैसा है उतना को लेकर 27 दिसंबर को कलेक्टर कार्यालय में आना मैं तुम्हे नियुक्ति पत्र दिखा दूंगा बाकी का पैसा बाद में देना.
इसके बाद पीड़ित दुपेन्द्र बैध 27 दिसंबर को दोपहर 02:10 बजे कलेक्टर कार्यालय परिसर में जाकर फोन लगाया तो उसे कलेक्टर कार्यालय परिसर के अंदर बुलाया गया. जहाँ रामटेके ने उसे हाथ दिखाकर अपने पास बुलाया और पूछा कि कितना रूपया लाये हो तुम्हारे नाम का नियुक्ति पत्र तैयार है, उसमें अधिकारी का दस्तखत होना बाकी है. और उसके नाम का नियुक्ति पत्र दिखाया.
जिसपर पीड़ित ने कहा कि अभी मेरे पास सिर्फ 3000 रू0 है इसे आप रख लो बाकी का पैसा व्यवस्था करके बाद में दूंगा. तब रामटेके ने 3000 रू0 लेकर बाकी का पैसा का व्यवस्था जल्दी करने को कहा. और कहा कि तुम्हारी नौकरी लग गयी है समझो.
इसके कुछ देर बाद जब पीड़ित ने अपने दोस्तों से इस बात की चर्चा किया तो उन्होने कहा कि तुम्हारे साथ ठगी हुई पुलिस की नौकरी पैसे से नही मिलती, सचिन रामटेके के द्वारा मेरे नौकरी दिलाने का झांसा देकर एवं फर्जी नियुक्ति पत्र दिखाकर 3000 रू0 की ठगी की गयी है.
जिसपर पीड़ित दुपेन्द्र बैध ने पुलिस में जाकर सचिन कुमार रामटेके के विरुद्ध शिकायत किया, जिसपर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध 420-IPC, 467-IPC, 468-IPC, 471-IPC का मामला दर्ज कर विवेचना में लिया है.