बस्तर में थर्मोएबलिएशन मशीन से सर्वाइकल कैंसर का होगा इलाज  ... - CG Sandesh

बस्तर में थर्मोएबलिएशन मशीन से सर्वाइकल कैंसर का होगा इलाज पहले दिन तीन महिलाओं की हुई स्क्रीनिंग

जगदलपुर 5 जनवरी। बस्तर जिले में अब महिलाओं में होने वाली सर्वाइकल कैंसर रोग के प्रारंभिक चरण का इलाज आसानी से किया जा सकता है। इसके लिये राज्य शासन से थर्मोएबलिएशन मशीन की प्राप्ति हुई है। यदि किसी महिला की वी.आई.ए.जांच में पॉजिटिव के परिणाम आते हैं तो उनके इलाज के लिये थर्मोएबलिएशन बहुत उपयोगी है। इससे सर्वाइकल कैंसर को प्रारंभिक चरण में ही खत्म किया जा सकता है। बुधवार को महारानी अस्पताल जगदलपुर में सर्वाइकल कैंसर की जांच हेतु निःशुल्क स्क्रिनिंग आयोजित किया गया।

सीएमएचओ डॉ.डी.राजन ने बताया, " महिलाओं में होने वाले गर्भाशय-ग्रीवा कैंसर या सर्वाइकल कैंसर की जांच हेतु यह एक दिवसीय कैम्प आयोजित किया गया था। जिसमे सम्भावित तीन महिलाओं की जांच स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सुष्मा के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान सभी महिलाएं नेगेटिव पाए गए। गर्भाशय-ग्रीवा कैंसर स्क्रीनिंग में जांच कराने पहुंचीं महिलाओं का टेस्ट करने के बाद चिकित्सकों की ओर से परामर्श भी दिया गया।

उन्होंने बताया, जिले में सभी स्वास्थ्य केंद्र में गर्भाशय-ग्रीवा कैंसर का पता लगाने 30 वर्ष से अधिक की महिलाओं का वी.आई.ए.टेस्ट किया जा रहा है। अगर कोई महिला पॉजिटिव पाई जाए और उसमें सर्वाइकल कैंसर प्रारम्भिक चरण में हो तो उन महिलाओं को जिला अस्पताल जगदलपुर में रैफर कर प्रत्येक बुधवार को इलाज किया जाएगा। उन्होंने बताया," गर्भाशय के निचले और बाहरी भाग (सर्विक्स) में होने वाले कैंसर को सर्वाइकल कैंसर कहा जाता है। 30 वर्ष से अधिक की महिलाओं में गर्भाशय-ग्रीवा कैंसर की संभावना सबसे ज्यादा रहती है। यह धीरे-धीरे फैलता है, और कैंसर का रुप ले लेता है। इसमें सबसे ज्यादा ध्यान रखने की बात यह है कि अगर समय पर जांच हो और जरूरी सतर्कता बरती जाए तो इससे बचाव और इसका इलाज दोनों संभव हैं।

सिविल सर्जन डॉ. संजय प्रसाद ने बताया, गर्भाशय-ग्रीवा कैंसर का इलाज जिला अस्पताल में कादम्बिनी के वार्ड क्रमांक 20 में किया जा रहा है। थर्मोएबलिएशन मशीन के प्रयोग हेतु स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर शांति पांडे की रायपुर में ट्रेनिंग हुई थी। इसके अलावा 10 स्टाफ नर्स भी रायपुर से जल्द ही प्रशिक्षण लेकर आएंगे।


अन्य सम्बंधित खबरें