पंचायत चुनाव में बांटी गयी शराब पीने से युवक की मौत - CG Sandesh

पंचायत चुनाव में बांटी गयी शराब पीने से युवक की मौत

बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम भनेसर में जहरीली शराब पिने से एक युवक की मौत हो गयी. बताया जा रहा है की चुनाव से पहले शराब बांटी गयी थी जिसे पीने के बाद युवक की मौत हो गयी.

दरअसल शहर के पास ही लगे भनेसर में त्रि-स्तरीय पंचायत चुनाव के अंतर्गत सरपंच पद हेतु चुनाव जारी है. चुनाव के ठीक पहले दिन शाम को गांव में शराब बाँटी गई. इसी कड़ी में भनेसर निवासी युवक अजय निर्मलकर के घर के सामने किसी ने शराब की दो बोतलें रख दी. जिसे अजय निर्मलकर ने एक अन्य युवक द्रविड़ टंडन के साथ मिल कर पी लिया.

शराब पीने के बाद दोनों की तबीयत बिगड़ने लगी. दोनों को देर रात बिलासपुर के सिम्स लेजाकर भर्ती कराया गया. जहाँ इलाज के दौरान अजय निर्मलकर की मौत हो गई. वहीं दूसरे युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है.

मामले कि शिकायत मृतक जिस घर में रहता था वहाँ के मकान मालिक ने पुलिस में की है. वहीं मामले में मृतक के भाई ने शराब में जहर मिलाकर षड्यंत्रपूर्वक घर के बाहर रखने का आरोप लगाया है. उपरोक्त मामले में सिम्स स्थित पुलिस चौकी के प्रभारी ने किसी भी बात की पुष्टि न करते हुए पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होने की बात कही है.

मस्तूरी TI प्रकाश कांत का कहना है कि गांव में चुनावी माहौल है. आरोप-प्रत्यारोप लगते रहता है. अभी तक की जांच में चुनावी शराब का मामला सामने नहीं आया है. ऐसा होता तो गांव के अन्य लोग भी बीमार होत. लेकिन, अभी जो अस्पताल में भर्ती है उसके घर के पास ही शराब की शीशियां रखी गई थी. शराब को जब्त कर जांच की जा रही है. हो सकता है कि आपसी दुश्मनी के चलते किसी ने शराब लाकर रख दिया होगा. पूरे मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.


अन्य सम्बंधित खबरें