सांकरा : टेमरी जंगल पर किसानों ने पकड़ा ट्रक से भरा यूरिया, व... - CG Sandesh

सांकरा : टेमरी जंगल पर किसानों ने पकड़ा ट्रक से भरा यूरिया, वापस खाद गोदाम भेजा गया.

क्षेत्र में खाद की किल्लत के विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन के बावजूद समस्या ख़त्म होने का नाम नहीं ले रही है. किसानों की परेशानियों को देखते हुए भी मुनाफाखोर और भ्रष्टाचारी लगातार खाद की कालाबाजारी करने में जुटे हुए हैं. इसी बीच कल रात सांकरा थाना अंतर्गत खाद का अवैध परिवहन करते एक ट्रक को रोका गया जिसके बाद वापस खाद को समिति में पहुँचाया गया.

मिली जानकारी के अनुसार 26 फरवरी की रात करीब 7 बजे सांकरा थाना अंतर्गत टेमरी जंगल पर एक ट्रक यूरिया अज्ञात स्थल तक अवैध रूप से परिवहन किया जा रहा था. जिसे किसानों द्वारा रोककर निरिक्षण किया गया तो पता चला कि पर्ची के आधार पर ट्रक क्रमांक CG 15 AC 3786 को 600 बोरी 27000 किलो यूरिया को छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी विपणन संघ मर्यादित मुख्यालय रायपुर से सांकरा खाद गोदाम में उतरना था लेकिन यह सांकरा ना जाकर देवसराल मार्ग में पाया गया.

बताया गया कि खाद गोदाम में भण्डारण के लिए जगह होने के बावजूद इसे दूसरी जगह ले जाया जा रहा था, जोकि अज्ञात व्यक्ति द्वारा किये जाने वाले भ्रष्टाचार को दर्शाता है.

वहीँ इस मामले में किसान संगठन के नेता सुशील भोई ने बताया कि क्षेत्र में समितियों के सदस्यों एवं समिति प्रबंधक द्वारा अपने पद का दुरुपयोग कर खाद में हेरा फेरी किया जा रहा है.

सुशील भोई ने बताया कि जिनको खाद की कम आवश्यकता रहती है जिनका कोटा बचा रहता है, उस खाद को बहार बेचकर भ्रष्टाचार किया जाता है. इसमें समिति के प्रबंधक अध्यक्ष सहित सभी सदस्य शामिल रहते हैं. जिनपर लगाम लगाना आवश्यक है.

इसके साथ ही सुशील भोई ने किसानों ने अपील की है कि यदि किसी के परिवहन पर शंका होती है तो रोककर उसके पर्ची का निरिक्षण करें एवं संगठन के सदस्यों को सूचित करें.


अन्य सम्बंधित खबरें