छत्तीसगढ़ : मादा तेंदुआ का शव बरामद - CG Sandesh

छत्तीसगढ़ : मादा तेंदुआ का शव बरामद

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में वन विभाग ने मादा तेंदुआ का शव बरामद किया है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। गरियाबंद जिले के वन विभाग के अधिकारियों ने मंगलवार को यहां बताया कि शहर से लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल में मादा तेंदुआ का शव बरामद किया गया है जिसकी उम्र लगभग दो वर्ष है।

अधिकारियों ने बताया कि जंगल में तेंदुए का शव होने की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के दल को घटनास्थल रवाना किया गया था। बाद में विभाग ने शव बरामद कर लिया। उन्होंने बताया कि मृत तेंदुए का पेट फूला हुआ है तथा नाक में खून के निशान है। पोस्टमार्टम करने वाले चिकित्सकों ने बताया कि लीवर खराब होने के कारण उसकी मृत्यु हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मादा तेंदुआ और उसके दो शावक आसपास के इलाके में विचरण कर रहे थे। दो में एक शावक का शव सोमवार शाम बरामद किया गया है। तेंदुए की मृत्यु 24 घंटे पहले हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि तेंदुए की मौत के बाद उसकी मां द्वारा हमले की आशंका को देखते हुए आसपास के ग्रामीणों को सतर्क कर दिया गया है।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए के शव में दांत, नाखून और बाल सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद ही संबंध में अधिक जानकारी मिल सकेगी।

author

CG SANDESH

Call :- 09131581090
अन्य सम्बंधित खबरें