क्रिकेट के नियमों में हुआ बड़ा बदलाव, एमसीसी ने नियमों में संशोधन का किया ऐलान
मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) ने 9 मार्च 2022 को इंटरनेशनल क्रिकेट के नियमों में संशोधन का ऐलान किया है. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंद पर लार के इस्तेमाल को अब गेंद से छेड़छाड़ माना जाएगा, जबकि मांकडिंग को ऑफिशियल रन आउट माना जाएगा. ये कानून इस साल एक अक्टूबर के बाद लागू किए जाएंगे. इसका मतलब है कि ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले क्रिकेट के नियम बदल जाएंगे.
नए नियमों में मांकडिंग को ‘नॉनस्ट्राइकर को रन आउट’ के रूप में संदर्भित किया गया है. मतलब नॉनस्ट्राइकर छोर पर अपनी क्रीज से आगे बढ़ते हुए बल्लेबाज को गेंदबाज द्वारा रन आउट कर दिया जाए.
एमसीसी ने आईसीसी की आचार संहिता की धारा 41.3 में संशोधन किया है. अब क्रिकेट में गेंद को चमकाने के लिए थूक के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है. पहले इसे केवल कोविड-19 के कारण लागू किया गया था. अब एमसीसी (MCC) इसे कानून बना रही है. खिलाड़ी गेंद को चमकाने के लिए पसीने का इस्तेमाल कर रहे थे. यह भी उतना ही प्रभावी था.