बेटे की चाहत में 3 बेटियों के पिता ने साले से करवाया अपहरण, ... - CG Sandesh

बेटे की चाहत में 3 बेटियों के पिता ने साले से करवाया अपहरण, पुलिस ने ऐसे लगाया पता

राजेंद्र नगर से गायब 3 साल के सुभाष सोनवानी की मिस्ट्री सुलझ गई। पुलिस ने उत्तराखंड देहरादून के एक मकान में छापा मारकर बच्चे को सुरक्षित छुड़ा लिया। बच्चा चोरी करने वाले दोनों चोरों के साथ खरीददार को गिरफ्तार कर लिया गया है। आटो चालक चोर ने बच्चा 50 हजार में अपने जीजा को बेचा था। सोमवार को ट्रांजिट रिमांड पर आरोपियों को बच्चे के साथ लाया जाएगा।

बच्चा चोरों और खरीददार के पकड़े जाने के बाद खुलासा हुआ कि चोर के जीजा की तीन बेटियां है। उन्हें बेटा चाहिए था। उन्होंने अपने साले कहा था कहीं से भी बच्चा लाकर देने पर वह उसे पैसे देगा।

 पैसों की लालच में साले ने अपनी पत्नी और दोस्त के साथ मिलकर बच्चा चुराया। रविवार को एसएसपी प्रशांत अग्रवाल ने बताया कि उत्तराखंड देहरादून निवासी इरफान अहमद(40)पिछले 25 साल से मंदिर हसौद में किराए के मकान में रहता है। उसने अपनी पत्नी और दोस्त शेर खान के साथ मिलकर बच्चा चोरी करने का प्लान बनाया।

पुलिस को घटनास्थल पर बाइक सवार चाेरों का धुंधला फुटेज मिला। फुटेज इतना धुंधला था कि गाड़ी का नंबर नजर नहीं आ रहा था। पुलिस दो दिन तक शहर में बाइक सवार संदिग्धों की तलाश करती रही। 

जब कोई सुराग नहीं मिला तब पुलिस ने दायरा बढ़ाया और आउटर तक पहुंची। मंदिर हसौद टोल प्लाजा में बाइक का फुटेज मिला। उसकी टाइमिंग यहां मिले फुटेज से मैच खा रही थी। हुलिया भी मिलता जुलता था। पुलिस ने बाइक के नंबर के आधार पर आटो चालक शेर खान के घर पहुंची। वह गायब था। वहीं से इरफान का क्लू मिला। वह भी गायब था। इससे पुलिस का शक गहरा गया।

पुलिस ने रेलवे स्टेशन के फुटेज खंगाले। वहां इरफान का फुटेज मिल गया। इरफान अपनी पत्नी, बेटी और सुभाष के साथ सहारनपुर यूपी की ट्रेन में बैठकर रवाना हुआ था। इतना क्लू उनकी तलाश आगे बढ़ाने के लिए काफी था।

पुलिस की टीम यूपी सहारनपुर गई। वहां खोजबीन करने पर सलीम का भी फुटेज मिल गया। पुलिस की टीम वहां से उत्तराखंड पहुंच गई। वहां दो दिन की खोजबीन के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

सड़क पर सोते देखकर आया आइडिया : इरफान उसके दोस्त शेरखान और पत्नी ने मिलकर चार दिनों तक शहर में कई जगह घूम-घूमकर बच्चा तलाश किया। उनकी नजर राजेंद्र नगर स्थित बूढ़ी माई मंदिर पर सो रहे परिवार पर पड़ी। उसमें बच्चे भी थे। उन्होंने वहीं से सुभाष को चुराने की प्लानिंग की। फिर 9 मार्च की रात इरफान और शेरखान बाइक से आकर बच्चा चुराकर ले गए।

पुलिस शुक्रवार को देहरादून पहुंच गई थी। उस दिन इरफान का त्योहार था। इसलिए पुलिस को पकड़ने में दिक्कत हुई। शनिवार को भी पकड़ने के लिए जाल बिछाया गया, लेकिन सफलता नहीं मिली। 

रविवार को इरफान अपने निर्माणाधीन मकान में काम कराने पहुंचा। उसे सलीम से 50 हजार रुपए मिले थे, उसी से अपने मकान का काम करवा रहा था। पुलिस ने उसे वहीं दबोच लिया। उसने बच्चे के बारे में जानकारी दी और ये भी बताया कि वह कहां है। 

उसके बाद पुलिस प्लानिंग के साथ उसे जीजा सलीम के घर ले गयी। वहां बच्चे को बरामद किया गया। सलीम को गिरफ्तार कर लिया गया। इसमें पुलिस ने इरफान की पत्नी को भी आरोपी बनाया है।


अन्य सम्बंधित खबरें