चल रहा परिवार में कलह तो नारियल से जुड़े इन उपायों को अपनाने से मिलेगा हल
सनातन धर्म में नारियल के महत्व के चलते इसे श्रीफल के नाम से भी पुकारा जाता है. हिंदू धर्म में हर शुभ कार्य में नारियल का प्रयोग करना बहुत अच्छा माना जाता है. किसी भी शुभ कार्य में नारियल को प्रयोग में लेने से दिन-प्रतिदिन प्रगति हासिल की जा सकती है.
कहते हैं कि तंत्र-मंत्र के साथ इसे पूजा में इस्तेमाल करने से बिगड़े हुए काम भी बनने लगते हैं. कुछ लोग भले ही इसे एक फल माने, लेकिन धार्मिक महत्व के कारण ये और भी खास माना जाता है. मंदिरों में नारियल को फोड़ने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है और किसी भी कार्य की शुरुआत करते समय भी नारियल को फोड़ना शुभ माना जाता है.
ऐसा कहा जाता है कि नारियल प्रभावित व्यक्ति को दरिद्रता, कलह और कई रोगों से मुक्ति दिलाने में सक्षम होता है. इसके लिए नारियल से जुड़े कुछ आसान उपायों को अपनाने की जरूरत पड़ती है. हम आपको श्रीफल यानी नारियल से जुड़े कुछ ज्योतिष उपायों के बारे में बताने जा रहे हैं.
नेगेटिविटी करे दूर
कहते हैं कि घर या परिवार के सदस्यों को अगर बुरी नजर लग जाए, तो भी घर में नेगेटिविटी दस्तक दे सकती है. इस नेगेटिविटी के कारण परिवार के सदस्यों में कलह का माहौल बना रहता है और कभी-कभी रिश्ते भी खतरे में पड़ सकते हैं.
नेगेटिविटी को दूर करने के लिए आप नारियल की मदद ले सकते हैं. इसके लिए आपको प्रभावित व्यक्ति यानी जिस पर बुरी नजर का साया हो, उसके शरीर पर से 11 बार नारियल को फेर लें. अब नारियल को जला दें और उसकी राख को पानी में जरूर बहाएं. कहते हैं कि ये तरीका घर में सकारात्मक माहौल ला सकता है.
रोग करे दूर
घर में अगर कोई व्यक्ति बीमार है, तो उसके रोग को दूर करने में आप नारियल की मदद ले सकते हैं. कहते हैं कि ऐसे हालातों में संकट को हर लेने वाले हनुमान जी की शरण लेना ठीक रहता है. इसके लिए आपको नारियल लेकर उसे लाल कपड़े में बांध लेना है. लाल कपड़े में लपेटे हुए नारियल को 7 बार रोगी के शरीर पर फेर लेने के बाद उसे हनुमान जी के चरणों में रख दें. कहते हैं कि ये तरीका रोगी के दुखों को दूर कर सकता है.
आर्थिक समस्याएं
कई बार कड़ी मेहनत और लगन के बावजूद लोगों को आर्थिक समस्याओं से दो चार होना पड़ता है. हो सकता है कि इसके पीछे कोई ज्योतिषी या वास्तु दोष हो या फिर धन की देवी मां लक्ष्मी आपसे नाराज हों.
इसके लिए आपको गुरुवार के दिन माता लक्ष्मी की पूजा करनी है और इस दौरान नारियल से जुड़ा उपाय भी अपनाना है. एक पीले रंग का कपड़ा लें और इसमें नारियल को बांधकर माता लक्ष्मी के चरणों में रख दें. कहते हैं कि ऐसा करने से माता लक्ष्मी ही नहीं भगवान विष्णु भी प्रसन्न हो जाते हैं और प्रगति का रास्ता भी खुल जाता है.