CG NEWS : 17 साल की नाबालिग से मारपीट कर कराया जा रहा था देह... - CG Sandesh

CG NEWS : 17 साल की नाबालिग से मारपीट कर कराया जा रहा था देह व्यापार, 15 हजार में खरीदने वाली महिला गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में मानव तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। बनारस से लाकर बेची गई एक 17 साल की नाबालिग को राजेंद्र नगर इलाके के हिमालयन हाइट्स सोसाइटी के मकान में रखकर देह व्यापार कराने के आरोप में पुलिस ने स्वामिनी सिंह ठाकुर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को शक है कि मानव तस्करी गिरोह से आरोपित महिला का लिंक जुड़ा हो सकता है। लिहाजा पुलिस टीम उससे पूछताछ कर रही है।


पुरानी बस्ती सीएसपी राजेश चौधरी ने बताया कि उत्तर प्रदेश के बनारस की रहने वाली 17 वर्षीय नाबालिग को उसके स्वजनों ने ही अक्टूबर 2021 में तान्या खान नामक महिला को बेच दिया था। तान्या उस नाबालिग को साथ लेकर रायपुर आ गई और स्वामिनी सिंह ठाकुर से बातचीत कर नाबालिग को 15 हजार रुपये में बेच कर वापस लौट गई। तान्या कहां की रहने वाली है फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

देहव्यापार, मारपीट से परेशान होकर भागी नाबालिग

नाबालिग को कुछ महीने तक अंवति विहार में किराए के मकान में स्वामिनी सिंह ठाकुर ने रखा फिर हाल ही में वह हिमालयन हाइट्स सोसाइटी में शिफ्ट हुई। नाबालिग के साथ वहां पर स्वामिनी सिंह ठाकुर मारपीट करने के साथ जबरिया देह व्यापार कराती थी। इससे परेशान होकर मंगलवार को नाबालिग किसी तरह हिमालयन हाइट्स से भागकर आटो रिक्शा से खमतराई इलाके के बंजारी मंदिर के पास पहुंची। वहां पेट्रोलिंग टीम ने नाबालिग को अकेला देखकर पूछताछ की तब मानव तस्करी का पता चला। खमतराई पुलिस ने पूछताछ की तो उसने कमल विहार इलाके से आना बताया। इसके बाद उसे मुजगहन थाना पुलिस को सौंप दिया गया। बुधवार को सखी सेंटर में पूछताछ के दौरान नाबालिग ने अपनी पूरी आपबीती बताई।

कई दिन भूखे पेट सोई

नाबालिग ने अपने दिए गए बयान में बताया कि उसके स्वजनों ने ही उसे तान्या खान नामक महिला को बेच दिया था। तान्या ने स्वामिनी सिंह ठाकुर से 15 हजार रुपये लेकर उसे अवंति विहार में उसके घर छोड़ दिया। वहां पर उसके साथ मारपीट करने के साथ जबरिया देह व्यापार कराया जाता था। विरोध करने पर स्वामिनी सिंह खाना तक नहीं देती थी। कई दिन उसने भूखे पेट ही गुजारा। हाल ही हिमालयन हाइट्स के फ्लैट में लाकर रखा गया था, जहां से वह भाग निकली। नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने मामले में देह व्यापार, मानव तस्करी, प्रताड़ना का केस दर्ज कर आरोपित स्वामिनी सिंह ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया। स्वामिनी सिंह के साथ ही उसके मकान मालकिन से भी पूछताछ की जा रही है।


अन्य सम्बंधित खबरें