छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू ने दी दस्तक, रायपुर सहित सात जिलाें में 11 मरीज मिले
छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है. छत्तीसगढ़ की राजधानी सहित कई जिलों में स्वाइन फ्लू के 11 संदिग्ध मरीज मिले हैं. जिनमें से दो मरीज इलाज के बाद स्वस्थ होकर अस्पताल से घर लौट चुके हैं. शेष नौ मरीजों का रायपुर के निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है. मामले रायपुर, रायगढ़, धमतरी, दुर्ग, दंतेवाड़ा, राजनांदगांव और बस्तर से सामने आये हैं. स्वाइन फ्लू के इन मामलों को संज्ञान में लेकर स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है.
स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने लोगों से अपील की है की मंकी-पाक्स, कोविड-19 और स्वाइन फ्लू से सावधान और सचेत रहें. उन्होंने कहा है कि बरसात में लगातार होने वाले मौसमी बदलाव के कारण कई तरह की संक्रमणजनित बीमारियां होती हैं. इससे बचने और सावधान रहने की जरूरत है. स्वास्थ्य विभाग द्वारा इस संबंध में सभी मेडिकल कॉलेज अस्पतालों, .मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों और सिविल सर्जन्स को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं. सभी जिलों को इसके लिए अलर्ट भी किया गया है.