हनुमान जी की इस पूजा से पलभर में दूर होंगे संकट, पूरी होंगी मनोकामनाएं
हिंदू धर्म में हनुमान जी को शिव का रुद्रावतार माना गया है, जिनकी पूजा वैसे तो कभी भी किसी दिन और किसी समय की जा सकती है, लेकिन मंगलवार का दिन इसके लिए सबसे ज्यादा शुभ और शीघ्र ही फलदायी माना गया है.
मान्यता है कि संकटमोचक हनुमान जी की पूजा के लिए समर्पित मंगलवार के दिन सच्चे मन से उनकी साधना करने पर व्यक्ति के बड़े से बड़े संकट पलक झपकते दूर हो जाते हैं और उसे जीवन में किसी भी प्रकार का भय नहीं रहता है.
हनुमत कृपा से उसके राह में आ रही सभी बाधाएं दूर हो जाती हैं और उसे मनचाहा वरदान मिलता है. आइए मंगलवार के दिन हनुमान जी की पूजा का धार्मिक महत्व और उससे जुड़े अचूक उपाय के बारे में विस्तार से जानते हैं.
मंगलवार के दिन हनुमान जी से मनचाहा वरदान पाने के लिए तन और मन से पवित्र होकर सुबह, शाम या फिर देर रात को हनुमान जी की प्रतिमा के सामने लाल रंग के आसन पर बैठें. इसके बाद हनुमान जी लाल रंग के पुष्प और सिंदूर चढ़ाएं.
इसके बाद हनुमान जी को शुद्ध घी से बनी बूंदी अथवा लड्डू का भोग लगाएं. हनुमान जी के भोग में तुलसी दल अवश्य चढ़ाएं. इसके बाद हनुमान जी को लाल रंग के सूती धागे वाला कलावा का प्रयोग करके शुद्ध घी का दीया जलाएं और हनुमान चालीसा का सात बार पाठ करें. मान्यता है कि इस उपाय को करने पर साधक पर हनुमत कृपा बरसती है और उसके सभी कार्य सफलता के साथ पूरे होते हैं.
हनुमत साधना में इन बातों का रखें हमेशा ध्यान
हनुमान जी की पूजा में भूलकर भी चरणामृत नहीं चढ़ाना चाहिए.
हनुमान जी की पूजा करते समय हमेशा तन और मन से पवित्र रहना चाहिए.
हनुमान जी की साधना करने वाले भक्त को किसी भी प्रकार का नशा नहीं करना चाहिए.
हनुमान जी की पूजा करते समय महिलाओं को उनकी मूर्ति का स्पर्शन नहीं करना चाहिए.
हनुमान जी की पूजा करने वाले साधक को मंगलवार के दिन पूरी तरह से ब्रह्मचर्य का पालन करना चाहिए.