निलंबित भाजपा नेता टी राजा को पुलिस ने फिर किया गिरफ्तार - CG Sandesh

निलंबित भाजपा नेता टी राजा को पुलिस ने फिर किया गिरफ्तार

बीजेपी से निलंबित नेता और विधायक टी राजा सिंह को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ विवादित बयान देने के मामले में हैदराबाद पुलिस ने फिर से गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने जब टी राजा को गिरफ्तार किया तब उनके घर पर बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे. टी राजा सिंह को गिरफ्तार करने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी. रैपिड एक्शन फोर्स के जवानों को भी तैनात किया गया था. समर्थकों की भीड़ के विरोध के बाद भी पुलिस टी राजा को गिरफ्तार किया और उन्हें बस में बिठाकर ले गए. इस दौरान उनके समर्थकों ने धार्मिक नारे लगाए. टी राजा को पुलिस ने पहले दर्ज मामलों में गिरफ्तार किया है. तेलंगाना पुलिस ने टी राजा सिंह के खिलाफ इस साल फरवरी और अप्रैल में केस दर्ज किया था. इन दोनों मामलों में राजा को 24 अगस्त को नोटिस जारी किया गया और 25 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया.

टी राजा को पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ बयान देने के चलते 23 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था और चेतावनी देकर छोड़ दिया गया था. इसके विरोध में हैदराबाद में पिछले दो दिनों से उग्र विरोध प्रदर्शन हो रहे थे. बुधवार-गुरुवार की दरम्यानी रात भी हैदराबाद में उग्र प्रदर्शन किया गया था. प्रदर्शनकारियों ने 'सिर तन से जुदा' के नारे लगाए और पथराव किया, जिसके बाद पुलिस के जवानों ने लाठीचार्ज किया.

टी राजा ने कहा - मुझे हर हाल में जेल में डालना चाहते हैं सीएम
टी राजा ने गिरफ्तारी से पहले कहा कि मुझे गिरफ्तार कर जेल में डालने की साजिश रची जा रही है. पुलिस पुराने-पुराने मामलों में मुझे गिरफ्तार करने वाली है. खबर मिली है कि आज शाम से लेकर शुक्रवार सुबह तक मुझे पुलिस गिरफ्तार कर लेगी. मुख्यमंत्री केसीआर ने इसे अपने इगो का मुद्दा बना लिया है. उन्होंने कहा है कि किसी भी हालत में इसे जेल में डाला जाए. जो भी हो, मैं डरने वाला नहीं हूं. यह धर्म युद्ध है. कोई हमारे भगवान को गाली देगा तो इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे. वह जिस भाषा में समझेगा उसी में जवाब दिया जाएगा.


अन्य सम्बंधित खबरें