महासमुंद : 9 सितम्बर को 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं युवाओं... - CG Sandesh

महासमुंद : 9 सितम्बर को 1 से 19 वर्ष तक के बच्चों एवं युवाओं को कृमिनाशक दवा (एल्बेंडाजोल) खिलाई जाएगी

जिले में आज चार लाख से अधिक बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाई जाएगी

09 सितम्बर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान चलाया जाएगा

महासमुंद : कलेक्टर निलेशकुमार क्षीरसागर ने शुक्रवार 09 सितम्बर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर बच्चों को कृमिनाशक दवा (एल्बेंडाजोल) का सेवन कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, आदिम जाति कल्याण विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी को समन्वय स्थापित कर शत-प्रतिशत पात्र बच्चों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एस.आर. बंजारे ने बताया कि इस बार जिले में 4 लाख 19 हजार 387 बच्चों एवं युवाओं को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। यह दवा वर्ष में 02 बार सेवन कराया जाता है। मितानिनों, ऑगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, शिक्षकों द्वारा समस्त ऑगनबाड़ी केन्द्रों एवं शासकीय विद्यालयों, शासकीय अनुदान प्राप्त शालाओं, केन्द्रीय विद्यालयांे, नवोदय विद्यालयों, मदरसों, निजी स्कूलोें, अनुदान प्राप्त निजी स्कूलों, महाविद्यालयों, तकनीकी शिक्षा संस्थानों के माध्यम से एक से 19 वर्षीय बच्चों, किशोर एवं किशोरियों को कृमिनाशक दवा की गोली का सेवन कराया जाएगा तथा छूटे हुए बच्चों के लिए मॉप-अप दिवस 14 सितम्बर को आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि एक से दो वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को आधी गोली चम्मच के द्वारा पानी में चुरा करके तथा दो से 19 वर्ष की आयु वर्ग के बच्चों को एक पूरी गोली चबाकर पानी के साथ दी जाएगी। एलबेन्डाजोल की गोली बच्चों और बड़ों के लिए सुरक्षित है।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविन्द गुप्ता ने बताया कि कुछ बच्चों के शरीर में कृमि के कारण कुछ मामूली प्रभाव जैसे जी मिचलाना, उल्टी-दस्त, पेट में हल्का दर्द और थकान अनुभव होने की संभावना हो सकती है। इसलिए संबंधित कर्मचारियों को अपने समक्ष ही बच्चों को कृमिनाशक गोली बच्चों खिलाएंगे। यदि किसी भी प्रकार की प्रतिकूल स्थिति होने पर टोल फ्री नम्बर 104 पर सम्पर्क किया जा सकता है एवं रेफरल के लिए संजीवनी एम्बुलेंस 108 की सेवाएं भी ले सकते हैं।


अन्य सम्बंधित खबरें