बचपन में हुआ था बलात्कार, शादीशुदा महिला ने 28 साल बाद दर्ज करायी FIR
उत्तर प्रदेश की एक महिला ने घटना के करीब 28 साल बाद दुष्कर्म का केस दर्ज कराया है. अलीगढ़ में 35 साल की एक शादीशुदा महिला ने यौन उत्पीड़न का केस दर्ज कराया है. महिला ने अपने साथ हुई घटना के करीब 28 साल बाद सौतेले पिता के परिवार के पुरुष सदस्यों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. घटना के समय वह 7 साल की बच्ची थी. सेना के एक पूर्व अधिकारी की पत्नी 35 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि उसका यौन उत्पीड़न 19 साल की उम्र तक जारी रहा. अलीगढ़ में उसकी शिकायत के आधार पर अब एक FIR दर्ज की गई है. प्राथमिकी के अनुसार, जब वह सात साल की थी, उसके सौतेले चाचा ने पहली बार उसके साथ दुष्कर्म किया.
उसने दावा किया कि उसने अपनी मां को पूरी घटना बताई और पेट दर्द की शिकायत की. ‘लेकिन मेरी मां ने मुझे कुछ दवा दी और चुप रहने को कहा.’ फिर एक दूसरे सौतेले चाचा ने उसके साथ दुष्कर्म किया और यह सिलसिला चलता रहा.
महिला का आरोप है कि 19 साल की उम्र तक अलग-अलग जगहों पर उसके साथ बार-बार दुष्कर्म किया गया. उसने कहा, ‘जितना हो सका, मैंने उन्हें रोकने की पूरी कोशिश की. लेकिन वे जोर-जबर्दस्ती करते रहे.’
महिला की शादी जनवरी 2011 में हुई थी. उसने कहा, ‘शादी के बाद जब भी मैं अपनी मां से मिलने घर गई तो उन्होंने मेरे साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की, लेकिन मैंने विरोध किया.’ दो नाबालिग लड़कियों की मां, महिला ने कहा कि मानसिक आघात से निपटने में असमर्थ है. उसने अंतत: अपने पति को सूचित किया कि वह किस दौर से गुजर रही है. उसने कहा, ‘उन्होंने मेरा समर्थन किया और मुझे मेरे शोषण के खिलाफ लड़ने के लिए प्रोत्साहित किया.’
महिला थाना प्रभारी ने कहा, ‘महिला ने विस्तृत शिकायत दर्ज कराई है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.’