सरकारी कर्मचारी फोन पर 'हेलो' की जगह 'वंदे मातरम' से करेंगे ... - CG Sandesh

सरकारी कर्मचारी फोन पर 'हेलो' की जगह 'वंदे मातरम' से करेंगे बात की शुरुआत

महाराष्ट्र के सरकारी कार्यालय में कर्मचारी फोन पर बात की शुरुआत ‘हेलो’ से नहीं बल्कि ‘वन्दे मातरम्’ से करेंगे. 2 अक्टूबर से महाराष्ट्र सरकार अपने कार्यालयों में फोन पर ‘हेलो’ की बजाए ‘वंदे मातरम’ बोलने के अभियान की शुरुआत कर रही है. उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सुधीर मुनगंटीवार वर्धा से इस अभियान की शुरुआत करेंगे.

राज्य के सभी सरकारी, अर्धसरकारी कार्यालयों में कर्मचारी और अधिकारी फोन पर बातचीत की शुरुआत अब ‘हेलो’ की बजाए ‘वंदे मातरम’ से करेंगे. महाराष्ट्र सरकार ने शनिवार को एक सरकारी संकल्प जारी किया, जिसमें सरकारी और सरकार द्वारा वित्त पोषित संस्थानों में काम करने वाले सभी कर्मचारियों के लिए नागरिकों या सरकारी अधिकारियों का टेलीफोन या मोबाइल फोन कॉल रिसीव करते समय ‘हेलो’ के बजाय ‘वंदे मातरम’ का उपयोग करना अनिवार्य कर दिया गया.

महाराष्ट्र सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी जीआर में कहा गया है कि अधिकारी उनसे मिलने आने वाले लोगों को भी अभिवादन के तौर पर ‘वंदे मातरम’ का इस्तेमाल करने के लिए उन्हें जागरूकता पैदा करें. जीआर में कहा गया है कि ‘हेलो’ शब्द पश्चिमी संस्कृति की नकल है और ‘बिना किसी विशिष्ट अर्थ के अभिवादन करने का तरीका है. यह शब्द कोई स्नेह पैदा नहीं करता है.’ हाल ही में एकनाथ शिंदे की कैबिनेट में शामिल होने के तुरंत बाद महाराष्ट्र के मंत्री सुधीर मुनगंटीवार ने यह प्रस्ताव पेश किया था. बाद में उन्होंने पीछे हटते हुए कहा था कि सरकारी कार्यालयों में अभिवादन के लिए राष्ट्रवाद को दर्शाने वाले किसी भी समकक्ष शब्द का इस्तेमाल किया जा सकता है.

AIMIM नेता ने उठाए सवाल

इस आदेश के बाद AIMIM नेता वारिस पठान ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि ये सब सिर्फ बेरोजगारी, महंगाई से ध्यान भटकाने का नाटक है. वारिस पठान ने बीजेपी पर तंज कसते हुए कहा कि इनसे अगर कोई बेरोजगारी महंगाई पर बात करे तो ये चीते से भी तेज भाग जाएंगे. पठान ने सवाल पूछा कि मान लो किसी ने वंदेमातरम नहीं बोला तो ये क्या करेंगे, उस पर केस करेंगे या फांसी दे देंगे. ये भी बीजेपी को बताना होगा.



अन्य सम्बंधित खबरें