दुनिया की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा का लोकार्पण आज
राजस्थान के राजसमंद जिले में आज दुनिया की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा का लोकार्पण होगा. राजस्थान के राजसमंद जिले के नाथद्वारा में बनी इस शिव प्रतिमा की ऊंचाई 369 फीट है. विश्व की इस सबसे ऊंची शिव प्रतिमा का नाम 'विश्वास स्वरूपम' रखा गया है.
बताया जाता है कि दुनिया की सबसे ऊंची शिव प्रतिमा के लोकार्पण के लिए 29 अक्टूबर से 6 नवंबर तक लोकार्पण महोत्सव का आयोजन होगा. दुनिया की इस सबसे ऊंची शिव प्रतिमा के निर्माण में 10 साल का समय लगा है. ये शिव प्रतिमा संत कृपा सनातन संस्थान की ओर से तैयार कराई गई है.
संत कृपा सनातन संस्थान के ट्रस्टी मदन पालीवाल ने शिव प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के लिए आयोजित कार्यक्रमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी है. उन्होंने कहा महादेव की प्रतिमा के लोकार्पण से जुड़े इस यज्ञ में नौ दिन तक धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन होंगे. संत कृपा सनातन संस्थान के ट्रस्टी के मुताबिक इस दौरान मुरारी बापू की नौ दिवसीय रामकथा भी आयोजित की गई है.
हर रोज 50 से 60 हजार श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान
भगवान शिव की प्रतिमा के लोकार्पण के लिए आयोजित कार्यक्रम में हर रोज करीब 50 से 60 हजार श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान है. इसे देखते हुए आयोजकों ने सभी तैयारियां पूरी कर लिए जाने का दावा किया है. इलाके में दिवाली सा नजारा देखने को मिल रहा है.