पूर्व प्रधानमंत्री इमरान पर जानलेवा हमला, पैर में लगी गोली
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के विरोध मार्च के दौरान बृहस्पतिवार को पंजाब प्रांत में उनके कंटेनर-ट्रक पर हमला किया गया जिसमें उनके पैर में गोली लगी है, लेकिन वह खतरे से बाहर हैं। मीडिया की खबरों में यह जानकारी दी गई है।.
एक अज्ञात हमलावर ने पंजाब के वजीराबाद कस्बे के अल्लाहवाला चौक के पास गोलियां चलाईं।.
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रैली में फायरिंग हुई है. उस गोलीबारी में खुद इमरान खान भी जख्मी हुए हैं. उनके अलावा 9 और लोग घायल बताए जा रहे हैं. पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. वहीं इमरान खान को लाहौर के अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है. उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की एक टीम उनका उपचार कर रही है.पुलिस के मुताबिक दो हमलावरों ने वजीराबाद में हुई रैली के दौरान फायरिंग की थी. उसमें से एक को तो मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया गया, वहीं दूसरे शख्स को गिरफ्तार कर लिया गया है. उससे पूछताछ की जा रही है, समझने का प्रयास हो रहा है कि आखिर क्यों पूर्व पीएम पर ये हमला किया गया.
वहीं दूसरी तरफ इमरान खान की इस घटना पर पहली प्रतिक्रिया आ गई है. उन्होंने कहा है कि अल्लाह ने उन्हें नई जिंदगी बख्शी है. वे लिखते हैं कि अल्लाह ने मुझे ये दूसरी जिंदगी दी है. इंशाल्लाह मैं फिर वापसी करूंगा, लड़ाई जारी रखूंगा. जानकारी के लिए बता दें कि इमरान खान इस समय पाकिस्तान में आजादी मार्च निकाल रहे हैं. वे वर्तमान सरकार के खिलाफ सड़क पर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं. जब से तोशखाना मामले में इमरान दोषी पाए गए हैं, उनकी तरफ से आजादी मार्च की शुरुआत की गई है. इसी कड़ी में गुरुवार को भी उनकी आजादी मार्च निकाली गई थी. लेकिन इस बार वहां पर फायरिंग हुई जिसमें इमरान खान जख्मी बताए जा रहे हैं. उनके अलावा पूर्व राज्यपाल इमरान इस्मेल भी इस गोलीबारी में घायल हुए हैं.
हमले पर भारत ने क्या कहा?
वहीं भारत की तरफ से विदेश मंत्रालय ने भी पाकिस्तान में हुई इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया दे दी है. कहा गया है कि स्थिति पर पैनी नजर रखी हुई है. स्टेटमेंट में कहा गया है कि हम स्थिति को ध्यान से देख रहे हैं. अभी इस घटना को लेकर कई डेवलपमेंट आ रही हैं. लेकिन ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है.
पाकिस्तान में भी सेलेब्स इमरान पर हुए इस हमले से परेशान और चिंतित हैं. पूर्व क्रिकेटर वसीम अकरम ने ट्वीट कर लिखा है कि मैं इमरान खान के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना करता हूं. एक देश के रूप में हमे एकजुट होने की जरूरत है. किसी को भी इस एकता को तोड़ने का मौका नहीं दिया जा सकता.