गुजरात चुनाव के लिए BJP की दूसरी लिस्ट जारी, 2 विधायकों का टिकट कटा- देखें लिस्ट
गुजरात विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। दूसरी लिस्ट में बीजेपी ने 6 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। इस लिस्ट में महेंद्रभाई पाडलिया को धोराजी से टिकट दिया गया है। मूलुभाई बेरा को खंभालिया से, जबकि ढेलबेन मालदेभाई ओडेदरा को कुतियाना से उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा सेजल राजिव पांड्या को भावनगर पूर्व, हितेश देवजी वसावा को डेडियापाड़ा और संदीप देसाई को चोर्यासी से चुनावी मैदान में उतारा गया है।
अब तक 40 मौजूदा विधायकों का टिकट कटा
बीजेपी की ओर से जारी दूसरी लिस्ट में दो सिटिंग विधायकों का टिकट काटा गया है। इनमें भावनगर पूर्व से विभावरी दवे और चोर्यासी से झंखना पटेल को टिकट नहीं मिला है। अब तक कुल 40 मौजूदा विधायकों का टिकट काटा गया है। वहीं, बीजेपी की दूसरी लिस्ट में जिन छह उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है, उसमें दो महिला प्रत्याशी हैं। बीजेपी की पहली लिस्ट में 14 महिलाओं को उम्मीदवारी मिली थी। इसके साथ ही 2022 के गुजरात चुनाव के लिए बीजेपी की ओर से अब तक कुल 16 महिलाओं को टिकट दिया गया है। इससे पहले बीजेपी ने पहली लिस्ट में 160 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था।
पहले फेज में 89 सीटों के लिए 1 दिसंबर को वोटिंग
गौरतलब है कि गुजरात में 15वीं विधानसभा के चुनाव दो फेज में हो रहे हैं। पहले फेज में 89 सीटों के लिए 1 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। इन सीटों के लिए नामांकन की अंतिम तारीख 14 नवंबर है। वही, दूसरे फेज में राज्य की 93 सीटों के लिए 5 दिसंबर को वोटिंग होगी। वोटों की गिनती हिमाचल प्रदेश चुनाव के साथ 8 दिसंबर को होगी।