इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका! आज के मैच में कप्तान हार्द... - CG Sandesh

इन खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका! आज के मैच में कप्तान हार्दिक कर सकते हैं बड़ा बदलाव!

नई दिल्ली: आज टीम इंडिया और न्यूजीलैंड के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला खेला जाएगा। टीम इंडिया इस मैच में जीत के साथ ही सीरीज पर कब्ज़ा करना चाहेगी। फ़िलहाल, भारत ने सीरीज में 1-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है.  वहीँ, न्यूजीलैंड की बात करें तो वह नेपियर में वापसी कर सीरीज को बराबरी पर खत्म करना चाहेगी। वह इस मैदान पर भारत के खिलाफ पहली बार टी20 मैच खेलेगा। टीम इंडिया को क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में यहां खेलने का अनुभव नहीं है। इसका फायदा कीवी टीम उठा सकती है।

 न्यूजीलैंड को यहां चार टी20 मैच खेलने का अनुभव है। उसने 2017 में यहां बांग्लादेश को हराया था। उसके बाद 2019 में इंग्लैंड और 2020 में पाकिस्तान के खिलाफ उसे हार मिली थी। 2021 में कीवी टीम फिर से नेपियर में बांग्लादेश को हराया था।

क्या ईशान के साथ पंत ही करेंगे ओपनिंग?
भारत की बात करें तो टी20 विश्व कप में ओपनर्स के खराब प्रदर्शन करने के बाद टीम के रवैये पर सवाल उठने लगे हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे मैच के दौरान भी वही स्थिति देखने को मिली। अगर सूर्यकुमार यादव ने शतक नहीं लगाया होता तो टीम 160 रन को भी मुश्किल से छू पाती। ईशान किशन ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन बड़ी पारी नहीं खेल पाए। उनका स्ट्राइक रेट भी कुछ खास नहीं रहा। ऋषभ पंत 13 गेंद पर छह रन बनाकर आउट हुए। श्रेयस अय्यर और हार्दिक पांड्या ने मध्यक्रम में निराश किया।

क्या सैसमन और मलिक को मिलेगा मौका?अब सवाल उठता है कि क्या टीम इंडिया तीसरे टी20 में बदलाव के साथ उतरेगी? तेज गेंदबाज उमरान मलिक और विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को टीम में लाने की मांग हो रही है। अब देखना है कि उन्हें मौका मिलता है या नहीं। संजू सैमसन ओपनिंग में एक बेहतरीन विकल्प साबित हो सकते हैं। वह आईपीएल में कई मैचों में इस क्रम पर खेल चुके हैं। वहीं, उमरान मलिक को आयरलैंड के दौरे पर खेलने का मौका था। उसके बाद से वह अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।

शुभमन गिल भी हो सकते हैं विकल्प

 कप्तान हार्दिक पांड्या की मैच के बाद की गई टिप्पणी पर गौर करें तो उन्होंने कहा था कि प्रबंधन के तीसरे टी20 के लिए काफी बदलाव करने की संभावना नहीं है। सीनियर खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी में शुभमन गिल भी पारी की शुरुआत करने के दावेदार हैं। हालांकि, यह माना जा रहा है कि उन्हें वनडे फॉर्मेट में मौका मिलेगा।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-11:
न्यूजीलैंड: फिन एलेन, डेवोन कॉनवे, ग्लेन फिलिप्स, डेरेल मिचेल, मार्क चैपमैन/माइकल ब्रेसवेल, जेम्स नीशम, मिशेल सेंटनर, टिम साउदी, एडम मिल्ने, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्यूसन।

भारत: ऋषभ पंत/संजू सैमसन, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, हार्दिक पांड्या, दीपक हुड्डा, वॉशिंगटन सुंदर, भुवनेश्वर कुमार, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह/उमरान मलिक, मोहम्मद सिराज।




author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें