3 सगे भाइयों की मौके पर मौत, सोते हुए परिवार को गोलियों से भ... - CG Sandesh

3 सगे भाइयों की मौके पर मौत, सोते हुए परिवार को गोलियों से भूना

भरतपुर। भरतपुर जिले के कुम्हेर थाना इलाके के गांव सिकरोरा में आपसी रंजिश को लेकर देर रात फायरिंग का मामला सामने आया है। इस दौरान 3 लोगों की गोली लगने से मौत हो गई। तीनों मृतक सगे भाई थे। वहीं गोली लगने से इसी परिवार के तीन अन्य लोग भी घायल हैं जिनको इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने मृतकों के शवों को स्थानीय अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना से वहां तनाव फैल गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंचे हैं।



पुलिस के अनुसार वारदात भरतपुर जिले के कुम्हेर थाना इलाके के सिकरौरा गांव में हुई। वहां आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। इस पर एक पक्ष के युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर सोते हुए परिवार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इसमें गोली लगने से तीन सगे भाइयों की मौके पर ही मौत हो गई और दो महिलाओं सहित एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोलियों की आवाज पर गांव में हड़कंप मच गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग छूटे।

बाद में ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित किया और घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। वहां से उनको प्राथमिक उपचार देकर गंभीर हालत में जयपुर रेफर कर दिया गया। वहीं तीनों मृतकों के शवों को कुम्हेर अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। फायरिंग में तीन लोगों की मौत से पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की पूरी जानकारी ली।

जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि लाखन और टैनपाल के बीच 3 दिन पहले कोई झगड़ा हुआ था। उसके बाद देर रात को लाखन अपने साथियों के साथ पहुंचा और टैनपाल के परिवार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें तीन सगे भाइयों गजेंद्र, समुंदर और ईश्वर सिंह की मौत हो गई। इसके अलावा मृतक गजेंद्र का पुत्र टैनपाल और उसकी मां और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। गांव में तनाव के हालात को देखते हुए वहां भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। फिलहाल आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग पाया है।




author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें