ट्रेन की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत, महिला के सामने हुई पति ... - CG Sandesh

ट्रेन की टक्कर से पिता-पुत्र की मौत, महिला के सामने हुई पति और बेटे की मौत

बिलासपुर। कोटा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आकर पिता-पुत्र की मौत हो गई। इस हादसे में युवक ट्रेन से टकराकर 10 फीट दूर जा गिरा और मौके पर उसकी मौत हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल उसके पिता ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।

जानकारी के अनुसार कोटसागरपारा निवासी श्याम कारे (50) रोजी मजदूरी करता था। उसकी पत्नी तुलसा कारे (46) और बेटा उमेश कारे (29) भी उसके साथ काम करते थे। सोमवार की रात तीनों रिश्तेदारी में कोटा आए थे। रात में श्याम और उसके बेटे उमेश ने शराब पी रखी थी। तीनों खाना खाने के बाद रात में ही पैदल गांव जाने के लिए निकल गए। तुलसा कारे उनके आगे-आगे चल रही थी, जबकि, श्याम और उसका बेटा पीछे था।



बताया जा रहा है कि रात करीब 12 बजे तीनों रेलवे फाटक के पास पहुंचे थे। तुलसा रेलवे ट्रैक पार कर आगे चली गई। इस दौरान श्याम और उमेश ट्रैक पर ही थे। तभी ट्रेन आ गई और दोनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई। ट्रेन की ठोकर से उमेश 10 फीट दूर जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, उसके पिता श्याम के सिर में गंभीर चोटें आई और वह बेहोश होकर ट्रैक के किनारे गिर गया।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को डायल 112 पर सूचना दी। इस दौरान घायल श्याम के साथ ही उमेश के शव को कोटा अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद श्याम को बिलासपुर रेफर किया गया। लेकिन, रास्ते में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को दोनों शव को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सौंप दिया। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।




author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें