10 रूपये को लेकर झगड़ा, पत्थर से पीट-पीटकर की दोस्त की हत्या, जंगल में मिला शव
पश्चिम बंगाल में एक युवक ने अपने ही दोस्त की पत्थर से पीट-पीटकर हत्या कर दी. बताया गया की दोनों में 10 रुपये को लेकर विवाद हुआ था, विवाद बढ़ने पर दोनों की लड़ाई में एक युवक ने दुसरे युवक की पत्थर से हत्या कर दी. मामला पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी की है. पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी की एक युवक ने दस रुपये को लेकर हुए झगड़े में अपने दोस्त की कथित तौर पर पत्थर से पीट-पीटकर हत्या कर दी.
अधिकारियों ने बताया कि 20 वर्षीय रामप्रसाद साहा का शव बुधवार को बैकुंठपुर के जंगलों में मिला. जांच के दौरान पता चला है कि साहा मादक पदार्थ की लत का शिकार था और अपनी तलब को शांत करने के लिए नियमित रूप से जंगलों में जाता था.
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को साहा अपने दो दोस्तों-सुब्रत दास (22) और अजय रॉय (24) के साथ जंगल गया था, जो खुद मादक पदार्थ की लत के शिकार हैं। अधिकारियों ने बताया कि नशे में धुत्त साहा ने पाया कि उसके पास पैसे नहीं हैं। उसने और मादक पदार्थ खरीदने के लिए सुब्रत से दस रुपए मांगे थे।
पुलिस के अनुसार, पैसों की मांग को लेकर साहा और सुब्रत में झगड़ा होने लगा था। इस दौरान सुब्रत ने कथित तौर पर पत्थर से पीट-पीटकर साहा की हत्या कर दी थी।
पुलिस ने बताया कि सिलीगुड़ी मेट्रो पुलिस की आशीघर चौकी के अधिकारियों ने बुधवार रात सुब्रत और अजय को गिरफ्तार कर लिया है। यही नहीं पुलिस ने यह भी कहा है कि वह मामले में अजय की भूमिका की जांच कर रही है।