गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
फतेहपुर: यूपी के फतेहपुर में पुलिस व एसओजी टीम को वाहन चेकिंग के दौरान एक बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने एक पिकअप मैजिक गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरमाद करते हुए अंतर्जनपदीय गांजा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया। दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान तीन तस्कर फरार हो गए, जिनकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस सभी के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में कार्रवाई करने में जुट गई है।मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने लोधीगंज अन्डर बाईपास के नीचे मैजिक गाड़ी को रोककर उसमे रखे भारी मात्रा में गांजा बरामद करने के साथ ही दो तस्कर को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस को चकमा देकर तीन तस्कर भागने में सफल रहे। एसपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि कोतवाली पुलिस व एसओजी टीम ने वाहन चेकिंग के दौरान दो अंतर्जनपदीय तस्कर आशीष कुमार उर्फ बउवा पुत्र जुगुल किशोर सोनी निवासी जौहरपुर थाना तिंदवारी जिला बाँदा दूसरा साथी प्रिंशु सोनी पुत्र गोरेलाल सोनी निवासी ब्लाक के पास अतर्रा रोड बबेरू थाना जिला बाँदा को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी ने बताया कि तीन तस्कर उमाकांत शिवहरे, शिवकांत शिवहरे व शुभम सलार मौके से भागने में सफल रहे, जिनको जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पूछताछ में कई और नाम सामने आए है। एसपी ने कहा कि सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई का जायेगी। पुलिस व एसओजी टीम को 25 हजार रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया।