फ्लाइट में महिला पर पेशाब करने का आरोपी बेंगलुरु से गिरफ्तार - CG Sandesh

फ्लाइट में महिला पर पेशाब करने का आरोपी बेंगलुरु से गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने एअर इंडिया की उड़ान में सह-यात्री पर पेशाब करने के आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है.एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है. वहीं दिल्ली पुलिस ने एअर इंडिया के कर्मचारियों को तलब किया है. बता दें कि बीते साल नवंबर में न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रही एक उड़ान में नशे में धुत एक यात्री ने सहयात्री पर कथित तौर पर पेशाब कर दी थी.

बेंगलुरु पुलिस ने आरोपी शंकर मिश्रा को शहर में संजय नगर इलाके से गिरफ्तार करने में दिल्ली पुलिस की मदद की. बताया जाता है कि आरोपी अपनी बहन के घर रह रहा था.

दरअसल, मामले में पायलट और सह-पायलट समेत एअर इंडिया के कुछ कर्मचारियों को शुक्रवार को पेश होने के लिए समन जारी किया गया था, लेकिन वे पेश नहीं हुए. सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि अब उन्हें सात जनवरी को सुबह 10.30 बजे पुलिस उपायुक्त (हवाई अड्डा) के कार्यालय में तलब किया गया है. पुलिस ने पीड़िता द्वारा एअर इंडिया से की गई शिकायत के आधार पर बुधवार को घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज की थी. इसने आरोपी यात्री को पकड़ने के लिए कई टीम का गठन भी किया था.

आरोपी शंकर मिश्रा ने पिछले साल 26 नवंबर को एअर इंडिया की उड़ान में बिजनेस क्लास में कथित रूप से नशे की हालत में बुजुर्ग महिला सहयात्री की सीट के पास जाकर उस पर कथित तौर पर पेशाब किया था. कैलिफोर्निया आधारित एक अमेरिकी बहुराष्ट्रीय वित्तीय सेवा कंपनी की भारतीय इकाई के उपाध्यक्ष मिश्रा को घटना के बाद नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया है. पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया था कि मिश्रा को पकड़ने के लिए गठित टीम मुंबई और बेंगलुरु भेजी गई हैं. अधिकारी ने कहा था कि आरोपी का कार्यालय बेंगलुरु में है और प्राथमिक जांच में पता चला है कि वह घर से काम कर रहा था.


अन्य सम्बंधित खबरें