CG News : ट्रेन से कटकर युवक की मौत, दो भागों में बंटा शव
जांजगीर-चांपा जिले से रेल पटरी पर एक युवक की लाश मिली. प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या प्रतीत हो रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को नैला रेलवे स्टेशन से महज 200 मीटर की दूरी पर युवक का शव पटरी पर पड़ा हुआ मिला। मृत युवक की शिनाख्त जयकिशन साहू (28 वर्ष) के रूप में हुई है। ट्रेन से कटकर शव दो भागों में बंट गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, जांजगीर थाना क्षेत्र के ग्राम तिलई का रहने वाला जय किशन साहू मजदूरी करता था। वो अपने घर में अकेला रहता था। उसके माता-पिता और छोटा भाई कमाने के लिए मुंबई गए हुए हैं। जय किशन की शादी साल 2020 में अकलतरा क्षेत्र के ग्राम नारियरा में हुई थी। उसकी पत्नी महज 8 महीने ही उसके साथ रही, उसके बाद मायके चली गई, जिससे युवक तनाव में रहता था।
बताया जा रहा है कि युवक को शराब पीने की बहुत बुरी लत थी, जिसके कारण पत्नी से भी उसका विवाद होता रहता था और इसलिए उसकी पत्नी ने उसे छोड़ दिया था। उसे लेने के लिए जय किशन और पिता रामकुमार साहू 2 बार गांव के बुजुर्गों को लेकर ग्राम नरियारा गए थे, लेकिन पत्नी घर लौटने को राजी नहीं हुई। उसका कहना था कि पति को शराब पीने और नशा करने की बहुत बुरी लत है और वो उसे छोड़ने को तैयार नहीं है। इधर पत्नी के वापस नहीं आने से युवक परेशान रहता था। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।