पूर्व भारतीय क्रिकेटर कांबली के खिलाफ FIR दर्ज - CG Sandesh

पूर्व भारतीय क्रिकेटर कांबली के खिलाफ FIR दर्ज

मुंबई। पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। कांबली की पत्नी एंड्रिया हेविट ने उनपर नशे में चूर होकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। विनोद कांबली के खिलाफ उनकी पत्नी ने मुंबई के बांद्रा पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज करवाई है।

एंड्रिया हेविट ने अपनी शिकायत में कहा है कि कांबली ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया और शराब पीकर उनके साथ मारपीट की। बांद्रा पुलिस ने कहा कि विनोद कांबली के खिलाफ आईपीसी की धारा 324 और 504 के तहत मामला दर्ज किया गया है। उस पर कथित तौर पर अपनी पत्नी एंड्रिया पर कुकिंग पैन से हमला करने का आरोप है। इससे उनकी पत्नी एंड्रिया के सिर में चोट लगी है।

 


मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विनोद कांबली कथित तौर पर शराब के नशे में घर आए और अपनी पत्नी को गालियां दीं। घटना शुक्रवार दोपहर 1 बजे से 1.30 बजे के बीच की है। कांबली के 12 साल के बेटे ने उसे शांत करने की कोशिश की। लेकिन कांबली रसोई में चला गया और उसने कुकिंग पैन से पत्नी पर हमला कर दिया. पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराने से पहले उनकी पत्नी को भाभा अस्पताल में भर्ती कराया गया।

विनोद कांबली की पत्नी ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसने उन्हें शांत करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने बिना किसी कारण के उन्हें और उनके बेटे को गाली दी। पत्नी ने आरोप लगाया है कि कांबली ने बल्ले से भी उनपर वार किया।

बता दें कि विनोद कांबली ने 2014 में बांद्रा के सेंट पीटर चर्च में एंड्रिया हेविट से शादी की थी। कांबली की पत्नी एंड्रिया ने 2010 में बेटे को जन्म दिया। दूसरी पत्नी एंड्रिया से शादी के बाद, कांबली ने ईसाई धर्म अपना लिया और उन्होंने अपने बेटे का नाम जीसस क्रिस्टियानो कांबली रखा।




author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें