सिरपुर में मृत मिला हाथी, करंट से मौत की आशंका
महासमुंद। सिरपुर के जंगल में एक हाथी की मौत हो गई। संभावना जताई जा रही है कि उसकी मौत करंट से हुई है। यह घटना सिरपुर के केशवाडीह इलाके की है। इस क्षेत्र में लंबे समय से हाथियों का दल विचरण कर रहा है। बता दें कि सिरपुर क्षेत्र में 45 से अधिक गांव हाथी से प्रभावित हैं। क्षेत्र में हाथियों का उत्पात जारी है। सिरपुर वनक्षेत्र में दंतैल हाथी लोगों के घर में घुसकर तोड़फोड़ कर रहे हैं। कई लोगों की जान चली गई है। कई लोग घायल हो चुके हैं।
हाथी का शव वन विकास निगम क्षेत्र के कक्ष क्र 146 में पड़ा है। एवं उसके पास ही एक ट्रांसफॉर्मर से 11000 केव्ही का करंट प्रवाहित तार भी दिखाई दे रहा है. जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि हाथी की मौत करंट लगने से हुई है. और बताया जा रहा है कि करंट युक्त फंदा छोटे जानवरो जंगली सुअर एवं चीतल को फसने के लिए लगाया गया था.
बहरहाल घटना की सूचना के बाद महासमुंद के रेंजर विश्वनाथ मुखर्जी दल बल के साथ पहुँच चुके है. इसके अलावा वन विकास निगम के एसडीओ श्री नायक भी घटना स्थल पहुँचे है. घटना की पुष्टि महासमुंद वन विभाग द्वारा कर दी गयी है. अब हाथी के पोस्टमॉर्टम के बाद उसे घटना स्थल पर ही दफनाया जाएगा. घटना की जांच वन विकास निगम द्वारा की जाने की संभावना है. ज्ञात हो कि वन विकास निगम द्वारा जंगलो का दौरा नही किये जाने के कारण निगम क्षेत्र में लगातार शिकार की घटनाएं होती रहती है।