ट्रक और कार की जोरदार भिडंत, चार की मौत
सिवनी। जिले के लखनादौन में बायपास मार्ग मोड़ के पास मंगलवार शाम करीब 7.15 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। मौके पर पहुंची लखनादौन पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए लखनादौन अस्पताल में भर्ती कराया है। घायलों व मृतकों के स्वजनों को सूचना दे दी गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक नागनदेवरी, सुहागपुर व सलैया गांव निवासी छह लोग नागपुर गए थे। मंगलवार शाम वह नागपुर से वापस कार में सवार हाेकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह लखनादौन के अंदर से बायपास मार्ग के मोड़ पर पहुंचे सामने से आ रहे मटर से भरे ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में कुछ लोग कार में फंस गए जिन्हें मौके पर पहुंची पुलिस ने बाहर निकाला। वहीं क्रेन की मदद से ट्रक व कार को अलग कर यातायात व्यवस्था दुरुस्त की गई।