तनाव में आकर उठाया ऐसा कदम , बुक डिपो संचालक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
बिलासपुर। जिले में बुक डिपो संचालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। कोरोना काल के दौर में युवक की दुकान बंद हो गई, जिसके बाद से वह तनाव में रहता था। कहा जा रहा है कि इसी वजह से उसने आत्महत्या कर ली। खुदकुशी करने से पहले उसने बैंक में काम करने वाली अपनी पत्नी को कॉल किया था और जल्दी घर आ जाने की बात कही थी। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार मूलत: बिहार निवासी लल्लन शर्मा (69) जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा स्थित सीसीआई के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। वे रामाग्रीन सिटी कॉलोनी में रहते हैं। बड़ा बेटा अमित शर्मा बेंगलुरू में जॉब करता है। वहीं, छोटा बेटा सुमित शर्मा (38) सीएमडी कॉलेज के सामने सुमित बुक डिपो के नाम से दुकान चलाता था। सुमित की पत्नी मोपका स्थित एसबीआई में काम करती हैं। उनका चार साल का बेटा है। सुमित अपनी पत्नी व बेटे के साथ सोनगंगा कॉलोनी में किराए के मकान में रहता था।
सुमित का बेटा रामाग्रीन सिटी कॉलोनी के पास ही एसएस पब्लिक स्कूल में पढ़ता है, जिसे वह रोज स्कूल छोड़ने जाता था और फिर दोपहर में उसे अपने माता-पिता के पास रामाग्रीन सिटी में छोड़ देता था। बुधवार को दोपहर वह बेटे को लेकर गया। शाम को उसने अपनी पत्नी को कॉल किया और जल्दी घर आ जाने की बात कही। देर शाम करीब 7 बजे उसकी पत्नी घर पहुंची, तो दरवाजा खुला था। वहीं, अंदर कमरे में सुमित की लाश फंदे पर लटक रही थी। पत्नी ने तत्काल घटना की जानकारी अपने ससुर लल्लन शर्मा को दी। घर पहुंचे परिजन ने उसे फंदे से उतारकर अपोलो अस्पताल लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है।