फैक्टरी में तेल के टैंक की सफाई करते समय दम घुटने से 7 मजदूरों की मौत
आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में एक फैक्टरी में तेल के टैंक की सफाई करते समय दम घुटने से सात मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हादसा ‘जी रागमपेट’ में सुबह करीब सात बजे हुआ। प्राथमिकी सूचना के अनुसार जान गंवाने वाले मजदूर पेद्दापुरम मंडल के पदेरू और पुलीमेरू के निवासी थे।
काकीनाडा की जिलाधिकारी कृतिका शुक्ला ने पत्रकारों को बताया कि फैक्टरी को सील कर दिया गया है और भारतीय दंड संहिता की धारा 304ए (लापरवाही के कारण मौत) के तहत मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने बताया कि हादसे की जांच के लिए संयुक्त जिलाधिकारी की अध्यक्षता में चार सदस्यीय समिति गठित की गई है, जिसे तीन दिन के भीतर रिपोर्ट देने को कहा गया है.
अधिकारियों ने बताया कि समिति फिलहाल दस्तावेजों और फैक्टरी को खाद्य तेल पैकेजिंग के लिए मिली मंजूरी आदि की जांच कर रही है. उन्होंने कहा कि घटना के लिए जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.