पिथौरा : बरेकेल गौठान निर्माण में भ्रष्टाचार की शिकायत पर जि... - CG Sandesh

पिथौरा : बरेकेल गौठान निर्माण में भ्रष्टाचार की शिकायत पर जिले की टीम ने की जांच

जनपद पंचायत पिथौरा अंतर्गत ग्राम पंचायत बरेकेल के ग्राम विकास समिति एवं ग्रामीणों ने सरपंच, उपसरपंच, सचिव सहित जनपद सीईओ पिथौरा पर आरोप लगाते हुए पंचायत भवन के पास की शासकीय भूमि को ग्रामवासी द्वारा ग्राम के बुजुर्गो, युवाओं एवं बच्चों के नियमित व्यायाम, अभ्यास हेतु खेल मैदान और हाट-बाजार हेतु सुरक्षित रखा गया था। जिसमें पूर्व में 2012-13 मनरेगा योजना अंतर्गत खेल मैदान हेतु समतलीकरण कार्य किया गया था।

यही नही 22 नवंबर 2022 को ग्रामसभा में सर्वसम्मति से ग्रामीणों ने गौठान निर्माण को निरस्त करने हेतु कहा गया था। लेकिन ग्रामवासियों की भावना दरकिनार करते हुए सरपंच बंशीधर बरिहा, उपसरपंच सुनील चौधरी, तत्कालीन सचिव सेतकुमारी माच्छु और तत्कालीन पिथौरा जनपद सीईओ ने मनमानी करते हुए फर्जीवाड़ा करने के उद्देश्य जबर्दस्ती गौठान निर्माण का कार्य किया।

गौठान निर्माण कार्य में मनरेगा योजना तहत होने वाले कार्यो में फर्जी मस्टररोल भरकर, कम कीमत वाली घांस, पराली, पौधेरोपण के नाम अधिक राशि आहरण सहित गोबर खरीदी एवं खरीदे गये गोबर को वर्मी कंपोस्ट खाद ना बनाकर सीधे खाद गड्ढा से वर्मी कंपोस्ट का रूप देकर शासन प्रशासन को लाखों रुपये का नुकसान पहुंचाने शिकायत 21 सितंबर 2022 को महासमुंद जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा पटेल से की थी। जिस पर जिला पंचायत महासमुंद के 3 सदस्यीय जांच टीम में परियोजना अधिकारी एस लाकड़ा, कार्यपालन अभियंता ग्रामीण विनोद कुमार श्रीवास एवं समन्वयक शिकायत अधिकारी वरुण कुमार यादव को जांच कार्यवाही करने के निर्देश दिए थे। जिस पर 15 फरवरी को जांच टीम राजीव भवन बरेकेल पहुंचकर शिकयकर्ता ग्रामीणों, विकास समिति के सदस्यों, ग्राम पंचायत के सरपंच बंशीधर बरिहा, उपसरपंच सुनील चौधरी एवं अन्य ग्रामीणों के समक्ष जांच कार्यवाही शिकायत के आधार पर बिंदुवार की गई।


इस दौरान जांच अधिकारियों ने गौठान का भी निरीक्षण किया। जांच अधिकारियों द्वारा ग्रामीणों का लिखित में पंचनामा बनाकर बयान भी लिया गया। जबकि सरपंच, उपसरपंच, ग्रामीणों, गौठान समिति के अध्यक्ष लिखित में अपना बयान जांच अधिकारियों को दिया। इस दौरान ग्रामीणों में गणेश राम पिता सियाराम, पूर्णवती पति भगतराम, खगेश्वर पिता नरेश एवं नवीन पिता शिवनाथ द्वारा गौठान में बेचे गोबर का पैसा अभी नही मिलना बताया। इस दौरान ग्रामीणों ने गौठान को दूसरे जगह स्थानांतरित कर उक्त जगह को खेल मैदान और हाट-बाजार के लिए सुरक्षित करने की बात कहीं। वही गौठान समिति के अध्यक्ष महेश सोम ने ग्राम पंचायत पर आरोप लगाते हुए अपने बयान में बताया कि कांग्रेस पार्टी ने गौठान समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौपी थी। लेकिन वह नाम मात्र के अध्यक्ष है। गौठान संचालन का काम पंचायत एवं स्व सहायता समूह के महिलाओं द्वारा किया जाता है। गौठान संचालन एवं कार्यक्रमों की जानकारी नही दिया जाता ना ही पूछ परख की जाती है और ना ही गौठान से संबंधित कागजात में उनका हस्ताक्षर कराया जाता है। उसने बताया कि बरेकेल के तत्कालीन सचिव सेतकुमारी माच्छु गोबर खरीदी में अफरा-तफरी करने के कारण निलंबित है।

"गौठान निर्माण फर्जीवाड़ा की शिकायत ग्रामीणों द्वारा की गई थी। जिसमें शिकायतकर्ताओं, सरपंच, उपसरपंच, सचिव, गौठान समिति के अध्यक्ष सहित ग्रामीणों का बयान लिया गया है। दस्तावेजों का अवलोकन करने के बाद जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारीयों को सौंप दी जावेगी।" -एस लाकड़ा,  जांच व परियोजना अधिकारी महासमुंद


अन्य सम्बंधित खबरें