रेलवे लाइन के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से RPF जवान की मौ... - CG Sandesh

रेलवे लाइन के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से RPF जवान की मौत

देवरिया जिले के बैतालपुर रेलवे स्टेशन पर रेल वैगन से तेल चोरी रोकने के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 38 वर्षीय आरपीएफ सिपाही सुधीर कुमार सिंह पुत्र तेज बहादुर सिंह की रविवार की भोर में मृत्यु हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्वजन में चीख पुकार मच गई। वह वाराणसी के लोहता थानाक्षेत्र के विशुनपुरा गांव के रहने वाले थे। सूचना मिलते ही वाराणसी से स्वजन देवरिया के लिए रवाना हो गए।

देवरिया सदर रेलवे स्टेशन के आरपीएफ पोस्ट पर आरपीएफ सिपाही सुधीर कुमार सिंह की तैनाती थी। शनिवार की रात उनकी ड्यूटी दूसरे आरपीएफ सिपाही सुरेंद्र यादव के साथ बैतालपुर रेलवे स्टेशन पर लगाई गई थी। दोनों लोग बैतालपुर रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी पर तैनात थे। भोर में करीब 3.35 बजे बरौनी से तेल लेकर वैगन बैतालपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। अंधेरे का फायदा उठाकर चोरों ने एक वैगन का ढक्कर खोल दिया। पाइप के जरिये तेल चुरा रहे थे। इसकी जानकारी होने पर आरपीएफ सिपाही सुधीर कुमार सिंह दौड़ते हुए वैगन के पास पहुंचे। उनको आते देख चोर भाग निकले। वैगन से तेल पाइप के जरिये नीचे गिर रहा था। इसी बीच वैगन को आयल डिपो के भीतर ले जाने के लिए हरी झंडी हो गई। ट्रेन पांच किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से चलने लगी।

आरपीएफ सिपाही सुधीर कुमार सिंह ने तेल गिरते देखा तो वैगन पर चढ़कर पाइप निकालने व ढक्कन बंद करने का प्रयास करने लगे। तभी ऊपर से गुजरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए। तेज झटका लगने से वह नीचे आ गिरे। मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। दूसरे सिपाही जितेंद्र यादव ने इसकी जानकारी आरपीएफ निरीक्षक मनभरन को दी। उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया। सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह ने बताया कि आरपीएफ सिपाही की मृत्यु बैतालपुर रेलवे स्टेशन पर हाईटेंशन तार की चपेट में आने से हुई है।


अन्य सम्बंधित खबरें