CG : जहरीली शराब पीने से आर्मी के जवान सहित 3 की मौत!
जांजगीर-चांपा जिले में देशी शराब पीने से 3 लोगों की मौत हो गई।आशंका जताई जा रही है की उनकी मौत जहरीली शराब पीने से हुई होगी। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक सेना का जवान भी शामिल बताया जा रहा है। मृतक थल सेना का जवान था। फिलहाल पुलिस इस मामले की जांच में जुट गई है। मामला नवागढ़ के रोगदा गांव का बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक घटना जांजगीर जिला के ग्राम रोगदा का हैं। बताया जा रहा हैं कि गांव में रहने वाला नंदलाल कश्यप आर्मी में जवान था। दो दिन पहले ही उसकी शादी हुई थी। गाँव के लोगों को आज सामूहिक भोज के लिये जवान के परिवार ने न्यौता दिया था। जिसके लिये नंदलाल कश्यप,परसराम साहू और सतीश कश्यप दाल पिसाई कराने के नाम पर घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि उसी दौरान कोचिया से देशी शराब खरीदकर तीनों ने देशी शराब का सेवन किया था। शराब सेवन के बाद तीनों की एकाएक तबियत बिगड़ने लगी और तीनों मौके पर ही बेहोश हो गये। घटना के बाद आनन फानन में तीनों को नवागढ़ स्थित सीएचसी में भर्ती कराया गया।जहां जांच के बाद डाॅक्टर ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। जांच के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगा।