सांकरा : सरपंच पति की गुण्डागर्दी, मारपीट कर गाँव से बेदख़ल करने की दी धमकी!
ग्रामीण की आँगन में मिट्टी डालकर बनाया जा रहा रास्ता
सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम बल्दीडीह के सरपंच पति महेश सिन्हा द्वारा गाली गलौज करने तथा गाँव में हुक्का पानी बंद करने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पीड़ित ने सांकरा थाना में ज्ञापन सौंपकर कार्यवाही की मांग की है. ज्ञापन में बताया गया है की मोहनलाल पिता लालमन ग्राम बल्दीडीह का निवासी है. वह विगत 20 साल से बल्दीडीह में निवासरत है. वह ग्राम बल्दीडीह में रहकर ईट बनाने का काम करता है और इसी से अपना जीवन यापन करता है.
ज्ञापन में आगे बताया गया है की मोहनलाल के घर के शौचालय एवं मेन गेट को तोड दिया गया है और घर के आंगन में मिट्टी डाल दिये हैं, जिससे उसे आने-जाने असुविधा हो रही है. मोहन का बेटा नन्दलाल प्रजापति आंगन की मिट्टी को हटा रहा था तो सरपंच पति महेश सिन्हा वहां पर आया और नंदलाल के साथ मारपीट किया. आरोप है की ग्रामपंचायत के पंच, सरपंच एवं ग्रामीणों द्वारा गाँव में हुक्का पानी बंद कर उन्हें गाँव से बेदखल करने की धमकी दी जा रही है, जिससे मोहन का परिवार भयभीत एवं परेशान है. मोहन ने थाने में ज्ञापन सौंपकर उचित कार्यवाही की मांग की है.
बताया गया की 2 महीने पूर्व में भी जबरदस्ती तहसीलदार, पटवारी व पुलिस वालों को बुलाकर शौचालय को तोड़ दिया गया, घर में फलदार वृक्ष थे उसे भी काट दिया गया. पीड़ित के घर के सामने लगे लोहे के गेट को जेसीबी से उखाड़ कर फेंक दिया गया है व जबरदस्ती घर के आंगन में मिट्टी डालकर तालाब आने-जाने का रास्ता बनाया जा रहा है, जिससे बरसात के दिनों में बारिस का पूरा पानी घर के अन्दर बहेगा, जिससे घर जर्जर होने की संभावना है.
आरोप है की वर्तमान में पंचायत भवन के पास स्थित शासकीय जमीन में सरपंच के करीबी पंच लोगों को जमीन दिया जा रहा है. उन पंचों का पहले से ही गांव में घर बना हुआ है फिर भी उन्हें सरकारी जमीन पर बसाया जा रहा है.