सांकरा : सरपंच पति के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज, हुक्का पान... - CG Sandesh

सांकरा : सरपंच पति के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज, हुक्का पानी बंद कराने की धमकी से पीड़ित परिवार परेशान

सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बल्दीडीह के सरपंच पति के खिलाफ एक व्यक्ति ने गाली गलौज और मारपीट की शिकायत थाने में दर्ज करायी है. आरोप है की पंच, सरपंच एवं ग्रामीण पीड़ित को गांव से बेदखल कर गांव में हुक्का पानी बंद कराने की लगातार धमकी दे रहे हैं.

नन्दलाल प्रजापति पिता मोहन लाल (22) विगत 20 साल से निवासरत है. छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 19 जनवरी 2015 को प्रत्येक ग्राम पंचायत को उपधारा (3) के प्रावधानुसार कुम्हारों को 5 एकड़ भूमि आरक्षित करने के संबंध में समस्त कलेक्टर्स को निर्देशत किया गया है. लेकिन आज तक ग्राम पंचायत बल्दीडीह में कुम्हार समाज को कोई जमीन नहीं मिला है.

नन्दलाल प्रजापति के पास कोई जमीन नहीं होने के कारण वह ग्राम बल्दीडीह में रहकर ईंट बनाने का काम करता है और इसी से अपना जीवन यापन करता है. ग्राम पंचायत के सरपंच नन्दलाल प्रजापति के मकान, सेफ्टीक एवं मेन गेट को तोड़कर नन्दलाल प्रजापति के आंगन में मिट्टी डाल दिये, जिससे उसे आने-जाने में परेशानी हो रही है. नन्दलाल प्रजापति मिट्टी को हटा रहा था तो ग्राम पंचायत बल्दीडीह के सरपंच पति महेश सिन्हा वहां पर आया और गाली गलौज कर मारपीट किया.

ग्राम पंचायत बल्दीडीह के पंच, सरपंच एवं ग्रामीण नन्दलाल प्रजापति को गांव से बेदखल कर गांव में हुक्का पानी बंद कराने की लगातार धमकी दे रहे हैं, जिससे नन्दलाल और उसका परिवार भयभीत एवं मानसिक रूप से परेशान है. आरोप है की इस प्रकार की घटना सरपंच पति महेश सिन्हा द्वारा पूर्व में भी किया जा चुका है. सरपंच हूं बोलकर गांव के कुछ प्रमुखों को अपने साथ लेकर मनमानी कर रहा है. पुलिस ने मामले की शिकायत के बाद आरोपी महेश सिन्हा के खिलाफ 294-IPC, 323-IPC, 506-IPC के तहत अपराध कायम किया है.


अन्य सम्बंधित खबरें