बरसात से बिजली प्रभावित, दिनभर सुधार कार्य में जुटा रहा अमला - CG Sandesh

बरसात से बिजली प्रभावित, दिनभर सुधार कार्य में जुटा रहा अमला

बिलासपुर। बरसात के कारण शहर की बिजली सप्लाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। आलम यह है कि शनिवार को शहर के अधिकांश क्षेत्रों में लाइटिंग की वजह से उपकरण टूट-फूट गए। इसके अलावा बिजली तार टूटने की शिकायत भी आई है। रविवार को दिनभर अमला सुधार कार्य में जुटा रहा है। अभी लगातार वर्षा हो रही है। आकाशीय बिजली भी चमक रही है।

इसके कारण जहां शहर की निकासी व्यवस्था ठप हो गई है। वहीं बिजली वितरण कंपनी की अव्यवस्था भी लगातार उजागर हो रही है। ऐसा कोई दिन नहीं, जब बिजली बंद न हो रही हो। व्यापार बिहार में जहां लाइटिंग से तकनीकी खराबी आई, वहीं कुदुदंड व मंगला में ट्रांसफार्मर में फाल्ट आने के बाद बिजली बंद हो गई। अलखधाम नगर में डीओ गिरने से दिनभर चार से पांच बार बिजली गुल हो जाती है।


हालांकि सूचना पर कंपनी का अमला पहुंचकर सुधार भी कर देता है। लेकिन, जिस तरह शहर की बिजली सप्लाई व्यवस्था चरमराई है, उससे साफ जाहिर है कि मानसून पूर्व मेंटेनेंस के नाम पर कंपनी केवल खानापूर्ति करती है। हकीकत में यदि गंभीरता के साथ मरम्मत का कार्य होता, तो शायद इतनी दिक्कतें शहरवासियों को नहीं होती। अधिकांश बिजली के खंभे व तार में झाड़ी है।

इसे भी हटाने के लिए कंपनी की ओर से अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। हालांकि अभी बिजली कंपनी बंद की वजह मानसून को बता रही है। लेकिन, जब मौसम साफ था और वर्षा नहीं हो रही थी, तब भी बिजली सप्लाई की इसी तरह व्यवस्था थी। इसके चलते शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। रात में अंधेरा होने के बाद जहरीले कीड़े-मकोड़े के काटने का भी खतरा रहता हैै। इसके बाद भी सुधार करने के लिए पहुंचने में कर्मचारियों को घंटों लग जाता है।




author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें