कोमाखान : जमीन कब्ज़ा की बात पर विवाद, दो पक्षों में हुई मारप... - CG Sandesh

कोमाखान : जमीन कब्ज़ा की बात पर विवाद, दो पक्षों में हुई मारपीट

कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम टेमरी में जमीन विवाद के मामले में दो पक्षों में मारपीट की खबर सामने आई है. पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के बाद काउंटर मामला दर्ज कर लिया है.

ग्राम टेमरी निवासी राधेश्याम साहू पिता कंश राम साहू ने अपनी शिकायत में बताया है की 2 अक्टूबर को दोपहर लगभग 2 बजे के उसे फोन पर लबेन्द्र साहू ने बताया कि हमारे गांव के शासकीय भूमि पर बाहरी व्यक्ति टेक्टर से जोताई कर कब्जा कर रहा है. जिसके बाद राधेश्याम ग्राम टेमरी के सरपंच धनेश्वरी साहू एवं पंचगण रामजी साहू, कमला बाई, पिलेश्वरी साहू, मथुरा साहू एवं ग्राम कोटवार सोनकुंवर एवं ग्राम के अन्य ग्रामीणों के साथ फोन से बताये स्थान पर देखा गेनकु राम मांझी एवं उसके 2 अन्य साथी के द्वारा खसरा नं. 81 को उड़िसा दर्रीनयापारा निवासी गेनकु राम मांझी के द्वारा जोताई कर कब्जा किया जा रहा था, जिसे ग्राम सरपंच, ग्रामीणों एवं राधेश्याम द्वारा गाँव के जमीन को क्यों कब्जा कर रहे हो बोलने पर मेरा जमीन है मैं जोताई नहीं कराउंगा तो कौन करायेगा कहकर आवेश में आकर ग्रामीणों एवं राधेश्याम के साथ अश्लील गाली गलौज करने लगा जिसे ग्रामीणो के द्वारा समझाइस देने पर नही माना और गाली गलौज करते राधेश्याम के साथ तीनों मिलकर मारपीट करने लगे.

शिकायत में आगे बताया गया है की आरोपी पास में पड़े पत्थर को उठाकर राधेश्याम की तरफ आने लगा और राधेश्याम को पकड़कर पत्थर से मारने का प्रयास करते समय पत्थर उसी के सर पर गिर गया. आरोपी ने राधेश्याम को पकड़कर उसके दाहिने हाथ के अंगुठे को दांत से काट दिया. राधेश्याम को डायल 112 वाहन से उपचार हेतु शासकीय अस्पताल बागबाहरा ले जाया गया. इलाज के बाद उसने मामले की शिकायत थाने में दर्ज करायी है. शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी गेनकु राम मांझी एवं अन्य 02 व्यक्ति के खिलाफ 294-IPC, 323-IPC, 34-IPC के तहत अपराध कायम किया है.

वहीं, दर्रीनयापारा थाना जोंक खरियार रोड जिला नुआपाड़ा उड़ीसा का निवासी गेनकु राम मांझी पिता भोकलू राम मांझी ने अपनी शिकायत में बताया है की ग्राम टेमरी प.ह.न. 23 रा.नि.म. एवं तहसील कोमाखान जिला-महासमुंद (छ.ग.) मे उसकी पत्नि प्रसन्नलता के नाम पर खाता नं. 466 खसरा नं. 69/3 रकबा 0.12 हे. राजस्व अभिलेख में दर्ज है. ड्राईवर उमाशंकर लोहार साथ में रामसिंग मांझी उपस्थित होकर अपने उक्त भूमि कार्य हेतु 2 अक्टूबर को ट्रेक्टर के माध्यम से जुताई किया जा रहा था. उस दौरान ग्राम टेमरी निवासी राधेश्याम साहू पिता कंसराम साहू, मनोहर साहू, लवेन्द्र साहू, दिनेश साहू, लंबोदर साहू, पुरन साहू दल बल के साथ आए और गेनकु को जाति सूचक गाली गलौज करने लगे तथा प्राण घातक हमला कर जान से मारने की धमकी दिए. राधेश्याम साहू एवं उनके सभी साथियों ने लाठी डंडा से मारा है, लोहे की रॉड से प्राण घातक हमला करते हुये मारपीट किया गया. ड्राईवर उमाशंकर लोहर एवं रामसिंग मांझी ने बीच बचाव किया तो उन्हे भी हाथ मुक्के से राधेश्याम साहू ने मारपीट किया. मारपीट से गेनकु को गंभीर चोट आयी है.

मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी राधेश्याम साहू , मनोहर साहू , लवेन्द्र साहू , दिनेश साहू , लंबोदर साहू , पुरन साहू के खिलाफ 294-IPC, 323-IPC, 34-IPC, 506-IPC के तहत अपराध कायम किया है.


अन्य सम्बंधित खबरें