महासमुंद : 24 लाख रूपये के धोखाधडी की शिकायत दर्ज - CG Sandesh

महासमुंद : 24 लाख रूपये के धोखाधडी की शिकायत दर्ज

महासमुंद थाने में 24 लाख रूपये के धोखाधडी की शिकायत थाने में दर्ज कराई गई है. पुलिस ने शिकायत के बाद केस दर्ज कर लिया है. हिमालय पार्क रायपुर रोड महासमुन्द निवासी अजय नायडू पिता एम. एल. नायडू ने थाने में शिकायत दर्ज करायी है की वह ठेकेदारी का कार्य करता है तथा साथ में ग्रेडर और रोलर मशीन रखा है. जिसे वह अपने कार्य में उपयोग करता है और किराये में भी देता है. उसका ससुराल करीम नगर तेलंगाना में है. उसके ससुर पी. अप्पाराव का करीम नगर में ट्रेक्टर रिपेरिंग का वर्कशॉप है. उसके ससुर के मित्र पुल्लेला मिन्नैया जो करीम नगर में ही निवास करते हैं तथा उनका प्रापर्टी डीलिंग एजेंट, मशीन व वाहन क्रय विक्रय करने का कार्य है. अजय नायडू उनसे पहले कई बार मिल चुका है.

20 मई 2022 को अजय नायडू अपने ससुराल करीम नगर गया था, वहां पर पुल्लेला मिन्नैया ने अजय नायडू को बताया कि उनके पास 2 हाईड्रा क्रेन जिसका पंजीयन क्र. टी एस 02- एफ बी / 8399 तथा टी एस 24 - सी / 2489 है, जिसे वह अजय नायडू को कम कीमत में दिलवा सकते हैं. पुल्लेला मिन्नैया ने उसी दिन दोनों मशीन को करीम नगर के ऑटो नगर में जाकर दिखलाया और बताया कि उक्त दोनों मशीन पी. रामकृष्ण रेड्डी तथा अम्बी रेड्डी के नाम पर पंजीकृत है और वह उक्त दोनों मशीन को क्रय कर चुका है. उसने अजय से कहा कि यदि वह उक्त दोनों मशीन को पसंद कर क्रय करेगा तो वह दोनों मशीन को पंजीकृत स्वामी से सीधे अजय के नाम पर ट्रांसफर करा देगा.

अजय ने मशीन का परीक्षण किया, उसे वाहन पसंद आया. पुल्लेला मिन्नैया ने बताया कि उक्त मशीन 15,00,000/- रूपये (पन्द्रह लाख रूपये) प्रति वाहन की दर से विक्रय हेतु उपलब्ध है किन्तु वह 12,00,000/- रूपये (बारह लाख रूपये) प्रति मशीन की दर से देगा.

अजय ने उन्हें कहा कि वह सोचकर जवाब देगा. फिर अजय 2 दिन बाद महासमुन्द वापस आ गया. 5 जून 2022 को पुल्लेला मिन्नैया, अजय के ससुर को दोनों मशीन कम कीमत में दिलाने का प्रलोभन देकर अजय को राजी करने अपने साथ में लेकर महासमुन्द घर आया और कहा कि उपरोक्त दोनों वाहन को क्रय करने बहुत से खरीददार आ रहे हैं, आप जल्दी उक्त दोनों मशीन का पैसा दे दो, मैं उक्त दोनों मशीन का फायनेंस का पैसा पटाकर उसे भारमुक्त कर आपके नाम पर ट्रांसफर कराकर महासमुन्द लाकर छोड़ दूंगा.

अजय पुल्लेला मिन्नैया के प्रलोभन प्रवंचना में आकर 24,00,000/- रूपये (चौबीस लाख रूपये) नगद पुल्लेला मिन्नौया को दे दिया. पुल्लेला मिन्नैया ने कहा कि वह लगभग दो महीने में वाहन को फायनेंस कम्पनी से भारमुक्त कर उसका पंजीयन अजय के नाम पर कराकर महासमुन्द लाकर मशीन छोड़ देगा. लगभग ढाई - तीन महीने पश्चात पुल्लेला मिन्नैया से मशीन को भेजने के संबंध में पूछताछ करने पर अभी कुछ समय लगेगा कहकर टाल मटोल करता रहा. इसी प्रकार वह लगभग एक सवा साल से झूठा आश्वासन दे रहा है. अब वह फोन उठाना बंद कर दिया है. अजय करीम नगर गया तो मिलने से भी मना कर दिया.
अजय ने धोखाधड़ी की शिकायत थाने में दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपी पुल्लेला मिन्नैया के खिलाफ 420-IPC के तहत अपराध कायम किया है.


अन्य सम्बंधित खबरें