महासमुंद : जिले में 16 दिसंबर से प्रारम्भ होगी विकसित भारत संकल्प यात्रा
प्रचार-प्रसार वैन विभिन्न गांवों में जाकर कैम्प के माध्यम से लोगों को योजनाओं की जानकारी देंगे, साथ ही पात्र हितग्राहियों को आवश्यकतानुसार योजनाओं से लाभान्वित किया जाएगा। कलेक्टर ने यात्रा हेतु रूट चार्ट तैयार करते समय हाट बाजारों को जोड़ने क निर्देश दिए है। साथ ही स्थानीय मीडिया के माध्यम से प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ श्री एस. आलोक ने बताया कि जिले में पांच स्थानों से यात्रा प्रारम्भ की जाएगी। जिसमें महासमुंद अंतर्गत खरोरा, बागबाहरा अंतर्गत मोंगरापाली, पिथौरा में लाखागढ़, बसना में बंसुला एवं सरायपाली में ग्राम बैतारी से यात्रा का शुभारम्भ होगा।
विकसित भारत संकल्प यात्रा के आयोजन के संबंध में कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्धारित रूट के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन किया जाना है। इस दौरान विभागीय स्टाल में योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आयुष्मान कार्ड, आधार कार्ड निर्माण सहित अन्य योजना की जानकारी देकर लाभान्वितों से चर्चा कर योजनाआें की सफलता के संदर्भ में ‘‘मेरी कहानी मेरी जुबानी’’ बतायी जाएगी। कलेक्टर ने कार्यक्रम में जनभागीदारी गतिविधि, ग्राम पंचायत, नगरीय निकाय स्तर पर समिति का निर्माण, स्थानीय हितग्राहियों की भागीदारी, सांस्कृतिक कार्यक्रम की तैयारी, स्व-सहायता समूह, ग्राम संगठन का मोबलाइजेशन, कृषि गतिविधियों पर सत्र का आयोजन, प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत करना, योजनाओं के सफल लाभार्थियों द्वारा अनुभव साझा करना तथा पोर्टल में जानकारी अपलोड कराने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही स्थानीय स्तर पर उत्सव समिति एवं स्वागत समिति भी बनाने के निर्देश दिए है।
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा प्रमुख योजनाओं की संतृप्तीकरण के लिए आउटरीच गतिविधियों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने हेतु विकसित भारत संकल्प यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। जिससे योजनाओं का लाभ लक्षित लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जा सके। सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं जैसे- स्वच्छ भारत मिशन, आवश्यक वित्त पोषण सेवाएं, एलपीजी कनेक्शन, गरीबों के लिए आवास, खाद्य सुरक्षा, उचित पोषण, विश्वसनीय स्वास्थ्य सेवाएँ, स्वच्छ पेयजल सुविधा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आदि जैसी बुनियादी सुविधाएँ प्रदान करने के लिए तथा प्रमुख योजनाओं/मिशन के माध्यम से संतृप्ति के लिए सभी लक्षित और पात्र लाभार्थियों के लिए आवश्यक सेवाएँ सुलभ बनाने हेतु जागरूकता सुनिश्चित किया जाएगा। ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजना की पहुँच को सुगम बनाया जा सके। जिले में जिला स्तरीय समिति का गठन कर लिया गया है।