महासमुंद : विकसित भारत संकल्प यात्रा में हर पंचायत पर वॉलंटियर्स का होगा पंजीकरण
माय भारत पोर्टल से जुड़कर युवा ले सकेंगे उद्यमिता और कॅरिअर से संबंधित प्रशिक्षण
जिले में 16 दिसंबर से शुरू हो रही विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान माय भारत पोर्टल से जुड़कर - युवा उद्यमिता व अनुभव आधारित प्रशिक्षण ले सकेंगे। जिला युवा अधिकारी अर्पित कुमार तिवारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 31 अक्टूबर को युवा कल्याण के लिए माय भारत पोर्टल की शुरुआत नए युवा विभाग की संरचना के रूप में की गई है।
माय भारत पोर्टल का उद्देश्य युवाओं को कॅरिअर, कौशल, कार्यक्रम, कल्याणकारी योजनाओं में सहभागिता और 21वीं सदी के अनुरूप प्रशिक्षण व प्रतिभागिता के नए अवसर के लिए डिजिटल व फिजिकल जरिए प्लेटफॉर्म के रूप मे तैयार करना है।
अर्पित कुमार तिवारी ने बताया कि पंजीकरण के लिए www.mybharat.gov.in पोर्टल पर रजिस्टर एज यूथ पर क्लिक करना होगा। मोबाइल नंबर, ईमेल भर कर प्राप्त ओटीपी दर्ज कर वेरिफाई करना होगा। इसके बाद नाम, जन्मतिथि, जिला,ब्लॉक, पिनकोड आदि जानकारी भर कर वेरिफाई करना होगा। एडमोर डिटेल्स में ईमेल व यूथ टाइप में एनवाईकेएस चयन करके सबमिट करना होगा।
प्रत्येक पंचायत पर माय भारत वॉलंटियर्स का पंजीकरण भी किया जाएगा। युवा सशक्तिकरण के लिए शुरू किए गए माय भारत संगठन आगामी माह में प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर पंजीकृत युवाओं को प्रशिक्षित मार्गदर्शकों से जोड़ेगा। इस पोर्टल के जरिए युवाओं को जिला व राष्ट्रीय स्तर पर युवा कार्यक्रमों से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराकर उन्हें विभिन्न कलात्मक व रचनात्मक गतिविधियों में सहभागी बनाने का अवसर दिया जाएंगे पंजीकृत युवा ग्राम पंचायत स्तर पर अपना समूह या युवा क्लब बना सकते हैं। इसके जरिए वे स्वप्रेरणा से विकास व स्वयंसेवा के विभिन्न कार्यक्रम कर विकसित भारत की परिकल्पना की दिशा में योगदान दे सकते हैं।
अर्पित तिवारी ने बताया कि पोर्टल जमीनी स्तर पर हर युवा को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए शिक्षा, कॅरिअर, कौशल प्रशिक्षण व व्यक्तित्व विकास के अवसर प्रदान करेगा। उक्त पोर्टल युवाओं को कार्पोरेट सेक्टर ट्रेनिंग संस्थाओं व अनुभवी मेटर से जोड़ने की दिशा में सिंगल विंडो प्लेटफार्म है।