महासमुंद : दारु बेचने से मना करने पर धारदार हथियार से किया जानलेवा हमला
महासमुंद थाना क्षेत्र के ग्राम बेलसोण्डा में दारु बेचने से मना करने पर आरोपी ने लोहे के धारदार हथियार से जानलेवा हमला किया. पीड़ित को घायल अवस्था में अस्पताल ले जाया गया. आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
ग्राम बेलसोण्डा निवासी लीलाधर चंद्राकर ने पुलिस को बताया है की उसका ग्राम बेलसोण्डा में किराना दुकान है. 24 दिसम्बर को दोपहर करीब 02:30 बजे लीलाधर अपने दुकान में बैठा था, उसी समय देखा कि सागर चंद्राकर, रमेश चंद्राकर के पास आया और बोला कि तुम लोग दारू बेचकर गांव का माहौल खराब कर रहे हो. तब रमेश चंद्राकर ने गाली देते हुए कहा - तुम बोलने वाले कौन होते हो.
सागर चंद्राकर बोला कि एक तो गलत काम करते हो ऊपर से मुझको गाली देते हो कहकर रमेश चंद्राकर को दो झापड़ मार दिया. तब रमेश चंद्राकर अपने घर के अंदर से लोहे का मुर्गा काटने का धारदार हथियार (लोहे का चापड़) लेकर आया और तुम मेरे को मारता है आज तुझे जान से खत्म कर दूंगा कहकर लोहे के हथियार से ताबड़तोड़ सिर में, चेहरे में एवं गर्दन के पास मारने लगा.
तब लीलाधर और गांव के अरूण कनौजे तथा महेश देवांगन देखे एवं छुड़वाये हैं. जाते-जाते रमेश चंद्राकर, सागर चंद्राकर को बोला कि आज ये लोग बचा लिए नहीं तो यही पर तुझे काटकर जान से खत्म कर देता.
रमेश चंद्राकर के लोहे के धारदार कट्टा से मारने से सागर चंद्राकर को चोटें आई है खून निकल रहा था. उसे डायल 112 वाहन के माध्यम से जिला अस्पताल महासमुंद ले जाया गया.
पुलिस ने मामले की शिकायत के बाद आरोपी रमेश चंद्राकर के खिलाफ भादवि की धारा 307 के तहत अपराध कायम किया है.