महासमुंद : कलेक्टर ने शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के दिए निर्देश
महासमुंद : कलेक्टर प्रभात मलिक ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक लेकर संबंधित विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की बेहतर क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को जिले के दिव्यांगों को शिविर लगाकर दिव्यांगता प्रमाण पत्र देने के निर्देश दिए हैं। आवश्यकतानुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की अनुबंध के आधार पर नियुक्ति के लिए प्रस्ताव देने के निर्देश भी दिए हैं। विभाग अंतर्गत समस्त पेंशन धारियों का एक बार केवाईसी अपडेट करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में अपर कलेक्टर निर्भय साहू, संयुक्त कलेक्टर एस.के. टंडन, डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर मलिक ने कहा कि स्कूल जतन योजना के तहत लंबित निर्माण कार्यां के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी और हाउसिंग बोर्ड को 6 माह से अधिक समय हो चुके निर्माण कार्यों को निरस्त करने की कार्यवाही व 5 माह से अधिक समय से स्वीकृत हो चुके कार्यां के लिए पेनाल्टी लगाने कहा गया।
महिला एवं बाल विकास विभाग को नोनी सुरक्षा योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को अधिक से अधिक लाभ देने के निर्देश दिए। इसके लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को गांव के सभी बालिकाओ का चिन्हांकन कर लाभ देने कहा गया। मातृतत्व वंदना योजना में भी महिलाओं को लाभ देने कहा गया। कुपोषण की स्थिति की जानकारी लेते हुए विकसित भारत अभियान में एनीमिक, शिशुवती व गर्भवती महिलाओं का अनिवार्य हीमोग्लोबिन टेस्ट करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने स्कूल वार जाति प्रमाण पत्र की समीक्षा करते हुए कहा कि स्कूल में पढ़ने वाले सभी बच्चों का जाति प्रमाण पत्र बने यह सुनिश्चित करें। इसकी जानकारी ऑनलाइन अपडेट करने के निर्देश दिए गए। इसी तरह पीएम किसान निधि अंतर्गत किसानों को पात्रतानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग को जिले में शत प्रतिशत परिवारों का आयुष्मान कार्ड बनाने कहा गया। वहीं सिकल सेल का अधिक से अधिक परीक्षण करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान पीएम जनमन योजना, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, सौर सुजला आदि की समीक्षा करते हुए योजना की उपलब्धि में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए।