महासमुंद : समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने दिया अन्तर्विभागीय समन्वय पर जोर
महासमुंद : कलेक्टर प्रभात मलिक ने आज शाम समय सीमा की बैठक ली। बैठक में उन्होंने अन्तर्विभागीय समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि विभागों के आपसी समन्वय से बेहतर एवं परिणाम मूलक कार्य करें। उन्होंने विभागीय योजनाओं की समीक्षा करते हुए साप्ताहिक प्रगति की समीक्षा की। महिला एवं बाल विकास विभाग को नोनी सुरक्षा योजना के तहत हितग्राहियों के नए पंजीयन करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय पोषण ट्रैकर में दर्ज बच्चों का आधार अपडेट करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे का आधार अद्यतन हो। कृषि विभाग को पीएम किसान सम्मान निधि अंतर्गत वन पट्टाधिकार प्राप्त किसानों तथा विशेष पिछड़ी जनजाति किसानों को चिन्हांकित करते हुए पात्रतानुसार लाभ देने के निर्देश दिए। इसके लिए कलेक्टर ने मैदानी स्तर पर सभी कृषि विस्तार विकास अधिकारियों की बैठक लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकाधिक किसानों का किसान क्रेडिट कार्ड बनाने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर श्री मलिक ने राशन कार्ड नवीनीकरण के पहले ई-केवाईसी करने पर जोर देते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उचित मूल्य की दुकान व समितियों में इसके लिए निर्देश दिए जाएं। साथ ही कहा कि प्रत्येक राशन दुकानों में न्यूनतम 10 लीटर केरोसिन अनिवार्य रूप से रखा जाएं।
कलेक्टर मलिक ने स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत आयुष्मान कार्ड की समीक्षा करते हुए साप्ताहिक प्रगति की जानकारी ली। उन्हांने कहा कि आवश्यकता अनुसार ऑपरेटर की भर्ती कर आयुष्मान कार्ड बनवाएं। विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए विशेष कैम्प लगाकर आयुष्मान कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। बैठक में जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों को स्वच्छ और निर्मल बनाने तथा समुदाय की भागीदारी बढ़ाने के लिए संचालित निर्मल आंगनबाड़ी अभियान की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अभियान की सराहना करते हुए आंगनबाड़ी केन्द्रों में मूलभुत सुविधाओं के लिए भी लगातार आंगनबाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रवण कुमार टंडर, आशीष कर्मा, मनोज खांडे एवं अन्य जिला अधिकारी मौजूद थे।