दस्तावेज में काटछांट कर बेच दी कब्रिस्तान की जमीन, पूर्व विध... - CG Sandesh

दस्तावेज में काटछांट कर बेच दी कब्रिस्तान की जमीन, पूर्व विधायक समेत 10 पर मामला दर्ज

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के पाली तानाखार के पूर्व विधायक मोहितराम केरकेट्टा और उनके बेटे समेत 10 लोगों के खिलाफ पुलिस ने ईसाई कब्रिस्तान के नाम दर्ज जमीन की खरीद-बिक्री मामले में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि केरकेट्टा समेत उक्त लोगों ने बिलासपुर में ईसाई कब्रिस्तान के नाम दर्ज जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में कूटरचना और षडयंत्र कर खरीद-बिक्री की। अदालत के आदेश के बाद सिविल लाइन पुलिस ने यह मामला दर्ज किया।

वर्ष 2018 में चुनाव जीतकर विधायक बने मोहितराम को मुख्यमंत्री अधोसंरचना उन्नयन और विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बनाकर राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया था। बताया जा रहा है कि मोहितराम ने पद का दुरुपयोग कर बिलासपुर में कुदुदंड के चर्च ऑफ क्राइस्ट मिशन इन इंडिया के कब्रिस्तान के नाम पर दर्ज करीब एक एकड़ जमीन की खरीद अपने बेटे शंकर केरकेट्टा के नाम पर की थी।


शिकायतकर्ता के मुताबिक, जमीन की कीमत चार से पांच करोड़ रुपए है। इसी मूल्य में सौदा करने के बाद आपसी सौदा मूल्य 99 लाख रुपए बताया गया है। मामले को लेकर उन्होंने सिविल लाइन पुलिस से शिकायत की थी। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. इस पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने बैरन उर्फ बिरन साय कुजुर निवासी चर्च आफ खाइस्ट मिशन कम्पाउण्ड कुदूदण्ड, बिरिम साय टोप्पो, दीपक फिलीमोन निवासी टिकरापारा, महावीर कुजूर निवासी उस्लापुर, हेमिल्टन थॉमस निवासी ओमनगर जरहाभाठा, जेडब्लू दास निवासी रायपुर, पुष्पा मिंज निवासी उस्लापुर, अरूण टोप्पो, पूर्व विधायक मोहितराम केरकेट्टा व उनके बेटे शंकर केरकेटटा निवासी उरांवपारा पोलमी थाना पाली के खिलाफ धारा 403, 406, 420, 467, 468,120बी के तहत जुर्म दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




author

पल्लवी मंडावी

पल्लवी मंडावी पत्रकारिता (जर्नलिज्म) में स्नातक हैं और उन्हें मीडिया के क्षेत्र में 7 वर्षों का लंबा और गहन जमीनी अनुभव है। एक प्रखर स्वतंत्र लेखिका (Independent Writer) के रूप में विभिन्न प्रतिष्ठित मंचों में उनके लेख प्रकाशित होते रहते हैं। पल्लवी सामाजिक, राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों पर बेहद बेबाकी से लिखती हैं और अपनी धारदार लेखनी के माध्यम से जनसरोकार की आवाज़ को प्रमुखता से सबके समक्ष रखती हैं।
अन्य सम्बंधित खबरें