महासमुंद : रूपकुमारी चौधरी ने अपनी जीत पर मतदाताओं, कार्यकर्ताओं का जताया आभार
महासमुंद से बीजेपी प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी ने अपनी जीत पर मतदाताओं कार्यकर्ताओं का आभार जताया है। अपनी जीत पर रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी के रूप में मेरी विजय से आप सभी के मन में जो भावनाओं का ज्वार उमड़ रहा है, उसे मैं अपने हृदय से अनुभव कर सकती हूं। मैं अपने हृदय की गहराइयों से आप सभी का धन्यवाद करती हूँ। आपकी मेहनत, समर्पण, और आशीर्वाद के बिना मेरा चुनाव में विजय संभव नही था। इस विजय का जश्न मनाने के लिए आप सभी के मन में जो उत्साह और उमंग है, उसमें पूरी तरह से समझती हूँ।
यह जीत आप सभी की है और इस जीत ने हमारी जिम्मेदारी और बढ़ा दी है। आप सभी से मेरा अनुरोध है कि विजय उपरांत स्वागत गरिमापूर्ण एवं अपनत्व से भरा हो, ना कि आडंबरपूर्ण। हमारी विजय लोगों के मन में मोदी जी एवं एक विकसित महासमुंद लोकसभा क्षेत्र के प्रति विश्वास जगाने वाली हो ना कि पटाखों के शोर में खो जाने वाली, इसलिए आप सभी से मेरा पुनः अनुरोध है की मेरा स्वागत करने आप सभी का प्रेम, भावनाएं और अपनत्य पर्याप्त है। आपका स्नेह और समर्थन मेरे लिए सबसे मूल्ययान है। फूलों की वर्ष और आतिशबाजी में धन की बर्बादी करने के बजाय उन पैसों को किसी सकारात्मक और रचनात्मक कार्य में उपयोग करें। स्नेह प्रदर्शन के लिए एक पुष्प ही पर्याप्त है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप मेरी बातों को अन्यथा ना लेते हुए आप सभी वर्तमान समय में मेरी भावनाओं को समझते हुए मेरे इस अनुरोध का सम्मान करेंगे।
मेरे लिए आपके प्रेम, समर्थन और समर्पण का महत्व है, जिसके लिए मैं पूर्ण आश्वस्त हूं, की पूर्व की भांति मुझे आजीवन इसी प्रकार मिलता रहेगा। अंत में मैं आप सब के साथ मिल करके महासमुंद लोकसभा के पूर्ण विकास कार्य के लिए कृतसंकल्पित हूँ। पुनः इस विजय के लिए आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं और धन्यवाद।
रूपकुमारी चौधरी अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी ताम्रध्वज साहू से 1 लाख 21 हजार वोटों से भी आगे है जबकि 13 लाख से अधिक वोटों की गिनती हो चुकी है।