रूपकुमारी चौधरी महासमुंद से सांसद निर्वाचित, ताम्रध्वज साहू को करीब डेढ़ लाख मतों से दी करारी मात।
लोकसभा चुनाव 2024 में एनडीए को बहुमत से बढ़त मिलने के साथ ही महासमुंद लोकसभा में विजय प्राप्त हुई है। यहाँ से बीजेपी प्रत्याशी रूपकुमारी चौधरी ने ताम्रध्वज साहू को 1 लाख 45 हजार 456 मतों से करारी मात देते हुए सीट को अपने नाम किया है। रूपकुमारी चौधरी महासमुंद की पहली महिला सांसद होंगी।
महासमुंद अंतर्गत भारतीय जनता पार्टी के अभ्यर्थी रूपकुमारी चौधरी को रिटर्निंग ऑफिसर प्रभात मलिक द्वारा सम्यक् रूप से निर्वाचित घोषित किया गया है। इस आशय का निर्वाचन प्रमाण पत्र रूपकुमारी चौधरी को सौंपा गया।
मतदान के शुरुआती दौर में दोनों प्रत्याशियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली थी लेकिन जैसे-जैसे एवीएम खुलते गए रूपकुमारी चौधरी को बढ़त मिलते गई और धीर-धीरे यह बढ़त 1 लाख से भी अधिक की हो गई।
जहां रूपकुमारी चौधरी को 703659 मिले तो वहीं ताम्रध्वज साहू को 558203 मिले। इसके पूर्व 2019 में हुए चुनाव में महासमुंद की जनता ने चुन्नीलाल साहू को 616580 वोट देकर जीताया था, जबकि कांग्रेस के उम्मीदवार धनेन्द्र साहू को 526069 मत मिले थे।
पिछली बार जहां 90511 वोटों से जीत का अंतर था वहीं इस बार यह अंतर बढ़कर करीब डेढ़ लाख तक हो गया। शायद महासमुंद में कांग्रेस का जातिगत समीकरण नही चला। और रूपकुमारी चौधरी को बड़े अंतर से जीत मिली है।
